अमृतसर। अमृतसर की वल्ला चौकी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कोल्ड ड्रिंक कंपनी में लंबे समय से चल रहे बड़े खेल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कंपनी का ही माल चोरी-छिपे बाजार में बेचने के आरोप में दो ड्राइवरों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ड्राइवरों ने मिलकर पिछले कुछ महीनों के भीतर ही कंपनी को करीब 7 से 8 लाख रुपये का चूना लगा दिया था।
रास्ते में ही गायब हो जाते थे कोल्ड ड्रिंक के क्रेट
कंपनी के मालिक विक्रम खजूरिया को पिछले काफी समय से यह अंदेशा हो रहा था कि उनका स्टॉक लगातार कम हो रहा है। जब उन्होंने बारीकी से जांच करवाई तो सच सामने आ गया। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, दोनों आरोपी ड्राइवर काफी समय से कंपनी में काम कर रहे थे और भरोसेमंद थे। वे गोदाम से ट्रक में माल लोड होने के बाद रास्ते में ही कोल्ड ड्रिंक के क्रेट उतार लेते थे और उन्हें स्थानीय दुकानदारों या अन्य जगहों पर बेच देते थे।
पुलिस ने बिछाया जाल, मुख्य आरोपी मौके से धराया
लगातार हो रहे नुकसान से परेशान होकर कंपनी मालिक ने वल्ला चौकी पुलिस में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और एक आरोपी ड्राइवर को रंगे हाथों धर दबोचा। पुलिस हिरासत में हुई पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर उसके दूसरे साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इस पूरे मामले में ‘लाली’ नाम के एक अन्य युवक का नाम भी सामने आया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
क्या कपड़ा चोरी से भी जुड़े हैं तार?
मामले में एक नया मोड़ तब आया जब कंपनी मालिक विक्रम खजूरिया ने दावा किया कि कुछ दिन पहले पास ही स्थित एक अन्य ट्रांसपोर्ट कंपनी से लाखों रुपये के कपड़ों की बड़ी खेप चोरी हुई थी। उन्हें शक है कि उस चोरी के पीछे भी इसी गैंग का हाथ हो सकता है। पुलिस अब इस एंगल को भी ध्यान में रखकर आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
राजीनामे से इनकार, सख्त एक्शन की मांग
पीड़ित पक्ष ने दोटूक शब्दों में कहा है कि वे आरोपियों के साथ किसी भी तरह का कोई समझौता या राजीनामा नहीं करेंगे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई ऐसा करने की हिम्मत न करे।
- पटना में हंगामा: CM आवास का घेराव करने निकले छात्रों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल, कई डिटेन
- कैथल में 1.20 लाख मतदाताओं को जारी होंगे नोटिस, 30 अगस्त तक दस्तावेज जमा कराने के निर्देश
- राजकोट में खूनी वारदात: भाभी से अफेयर के शक और पुरानी रंजिश में भाई की चाकू घोंपकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
- 4 दिन तक पुलिस करती रही इंतज़ार… अब युवक की लाश मिलने के बाद फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, महिलाओं की पुलिस से हुई झूमाझटकी
- ‘इस्तीफा स्वीकार करने में मिनट भी नहीं लगाऊंगा’, बागी MLA को DK ने दिया 440 वोल्ट का झटका, बोले- राजनीति में सब्र रखना बेहद जरूरी


