Business Desk – Amul Price Hike : Amul ने घी और बटर की कीमतें बढ़ा दी हैं। अलग-अलग पैक पर 3 रुपए से लेकर 50 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है। अब अमूल के 1 किलो घी के कार्टन के लिए ग्राहकों को 630 रुपए की जगह 680 रुपए देने होंगे। वहीं, 100 ग्राम बटर का पैक 63 रुपए से बढ़कर 66 रुपए का हो गया है। 500 ग्राम घी के पाउच की कीमत 325 रुपए से बढ़ाकर 345 रुपए और 500 ग्राम बटर की कीमत 310 रुपए से बढ़ाकर 325 रुपए कर दी गई है।

त्योहारों के सीजन में घी की बढ़ती मांग और सप्लाई में कमी के बीच यह बढ़ोतरी हुई है। गुजरात और राजस्थान में नकली घी के खिलाफ कार्रवाई के बाद ग्राहकों का रुझान अमूल जैसे ब्रांडेड प्रोडक्ट्स की तरफ बढ़ा है। इससे बाजार में मांग बढ़ी है और कई जगह अमूल घी की उपलब्धता भी प्रभावित हुई है।

1 किलो घी पर 50 रुपए बढ़े, बटर भी महंगा

अमूल ने घी और बटर के अलग-अलग पैक की नई कीमतें जारी की हैं। 1 किलो घी का कार्टन अब 680 रुपए में मिलेगा, जबकि पहले इसकी कीमत 630 रुपए थी। यानी ग्राहकों को 50 रुपए ज्यादा देने होंगे।

इसी तरह 500 ग्राम प्योर घी का पाउच 325 रुपए से बढ़कर 345 रुपए का हो गया है। 100 ग्राम बटर के पैक की कीमत 63 रुपए से बढ़ाकर 66 रुपए और 500 ग्राम बटर की कीमत 310 रुपए से बढ़ाकर 325 रुपए कर दी गई है।

इस तरह 500 ग्राम घी पर 20 रुपए, छोटे बटर पैक पर 3 रुपए और बड़े बटर पैक पर 15 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। नई कीमतों की जानकारी 4 नवंबर को टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में दी गई है।

GST घटने से जो राहत मिली थी, उसका बड़ा हिस्सा खत्म

सितंबर 2025 में GST की दरें घटने के बाद अमूल ने अपने 700 से ज्यादा प्रोडक्ट्स की कीमतें कम की थीं। उस समय डेयरी प्रोडक्ट्स पर GST 12% से घटाकर 5% किया गया था। कंपनी ने टैक्स में कटौती का फायदा ग्राहकों तक पहुंचाने का फैसला किया था।

तब 1 लीटर घी के कार्टन की कीमत 650 रुपए से घटाकर 610 रुपए कर दी गई थी। 5 लीटर घी का टिन 3,275 रुपए से घटकर 3,075 रुपए का हो गया था। वहीं, 100 ग्राम बटर का पैक 62 रुपए से घटाकर 58 रुपए और 500 ग्राम का पैक 305 रुपए से घटाकर 285 रुपए कर दिया गया था।

अब नई कीमतों के बाद 1 किलो घी का कार्टन 680 रुपए का हो गया है। यानी GST कटौती के बाद मिली राहत के मुकाबले इसकी मौजूदा कीमत 70 रुपए ज्यादा है। वहीं, 100 ग्राम बटर का पैक पहले GST कटौती के बाद 58 रुपए का हुआ था, जो अब 66 रुपए का हो गया है।

गुजरात में अमूल घी की किल्लत, दुकानों से बटर भी गायब

कीमतें बढ़ने के साथ अमूल के कुछ डेयरी प्रोडक्ट्स की उपलब्धता में भी दिक्कत आ रही है। गुजरात के वडोदरा और अहमदाबाद के दुकानदारों के मुताबिक, गणेश उत्सव के बाद से घी की मांग बढ़ी है। खासकर अमूल काउ घी का स्टॉक कम चल रहा है।

मंगलवार को अहमदाबाद के सैटेलाइट इलाके में स्थित एक डी-मार्ट आउटलेट में अमूल घी और बटर का स्टॉक नहीं था। वडोदरा के अमूल पार्लर संचालकों ने भी सप्लाई कम मिलने की शिकायत की है। एक पार्लर संचालक ने बताया कि गणपति उत्सव के बाद से उन्हें अमूल काउ घी की सप्लाई नहीं मिली है।

यह समस्या सिर्फ गुजरात तक सीमित नहीं है। जुलाई और सितंबर में पुणे और कोलकाता में भी अमूल प्रोडक्ट्स की सप्लाई प्रभावित होने की शिकायतें सामने आई थीं। जम्मू-कश्मीर से भी इसी तरह की शिकायतें मिली हैं। हालांकि, दूसरे राज्यों में सप्लाई की दिक्कत की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

6 महीने में 2 लाख किलो नकली घी जब्त, ब्रांडेड घी की मांग बढ़ी

अमूल से जुड़े एक कोऑपरेटिव लीडर ने बताया कि गुजरात और राजस्थान में नकली घी के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद ब्रांडेड घी की मांग अचानक बढ़ गई है। उनके मुताबिक, पिछले 6 महीनों में दोनों राज्यों के अलग-अलग इलाकों से करीब 2 लाख किलो नकली घी जब्त किया गया है।

कार्रवाई के बाद लोगों का भरोसा अमूल जैसे ब्रांड्स पर बढ़ा है और वे खुले या संदिग्ध घी की जगह ब्रांडेड घी खरीद रहे हैं। इससे बाजार में मांग और बढ़ गई है।

कोऑपरेटिव लीडर के मुताबिक, पूरे साल में जितना घी इस्तेमाल होता है, उसका करीब 45% हिस्सा अकेले त्योहारों के सीजन में खपत होता है। ऐसे में त्योहारों की मांग और ब्रांडेड घी की तरफ ग्राहकों के बढ़ते रुझान से सप्लाई पर दबाव बना है।