कमल वर्मा, ग्वालियर। नगर निगम की लापरवाही एक बुजुर्ग महिला पर भारी पड़ गई। क्षेत्र के विवेक आनंद चौराहे के पास बने नवनिर्मित खुले चैंबर में 75 साल की शांति बाई गिर गई। हादसे में बुजुर्ग को गंभीर चोटें आई हैं।

8 फीट गहरे चैंबर में गिरी बुजुर्ग

बताया जा रहा है कि 75 साल की बुजुर्ग शांति रविवार की सुबह 5 बजे शौच के लिए घर के पास गई थी। तभी पैर फिसलने से वह गहरे चैंबर मे गिर गई। चैंबर की गहराई 8 फीट बतायी जा रही है जिसमें ऊपर कोई ढक्कन या सुरक्षा घेरा भी नहीं था।

चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोग

चैंबर में गिरी बुजुर्ग की भनक तब लोगों को लगी जब उसकी चीख-पुकार सुनाई दी। चीख सुनने के बाद लोग चैंबर के पास पहुंचे और इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी।

प्रशासन ने किया रेस्क्यू

लोगों द्वारा मिली सूचना के बाद घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए थाटीपुर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले बुजुर्ग महिला से उसका हाल लिया और फिर स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। चैंबर का मुंह सकरा होने और महिला के घायल होने की वजह से उन्हें निकालने में टीम को मशक्कत जरूर करनी पड़ी लेकिन सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।बताया जा रहा है कि चैंबर कई दिनों से खुला पड़ा है। निगम की इस लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया। गनीमत रही कि समय रहते मद्द मिल गई। घायल शांति बाई को इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय लोगों में आक्रोश

इस घटना के बाद विवेक आनंद चौराहे के रहवासियों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नवनिर्मित चैंबरों को खुला छोड़ना प्रशासनिक लापरवाही का प्रमाण है। रात के समय या बारिश के दौरान ऐसे खुले चैंबर किसी बड़े हादसे का सबब बन सकते हैं। लोगों ने मांग की है कि क्षेत्र के सभी खुले चैंबरों को जल्द से जल्द ढका जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

वीडियो देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें

https://twitter.com/lalluram_news/status/2048323313253134461?s=20

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m