कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त जस्टिस अवनींद्र कुमार सिंह ने अपनी सेवानिवृत्ति पर एक ऐसी मिसाल पेश की है, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। जबलपुर में आयोजित अपने विदाई समारोह के दौरान जस्टिस सिंह ने देहदान करने का संकल्प लिया और साथ ही राष्ट्र निर्माण के लिए एक बहुत बड़ा योगदान दिया।  

READ MORE: MP Board 12th Toppers: कल 7,500 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगी ई-स्कूटी, सीएम मोहन यादव देंगे बड़ी सौगात

जस्टिस अवनींद्र कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी के साथ मेडिकल कॉलेज जाकर देहदान का रजिस्ट्रेशन करा लिया है। मृत्यु के पश्चात उन दोनों का शरीर मेडिकल छात्रों की पढ़ाई और रिसर्च के काम आएगा। यही नहीं जस्टिस सिंह ने ​अपनी सेवा से मिलने वाले GPF के 1 करोड़ 1 लाख रुपये को उन्होंने राष्ट्र निर्माण के लिए ‘प्रधानमंत्री केयर्स फंड’ (PM CARES Fund) में दान करने की घोषणा की है।  

​36 वर्षों का न्यायिक सफर 

जस्टिस सिंह ने 31 मई 1990 को न्यायिक सेवा की शुरुआत की थी। 36 वर्षों के लंबे न्यायिक अनुभव के बाद वे 1 मई 2023 को हाई कोर्ट के न्यायाधीश नियुक्त हुए थे। जस्टिस अवनींद्र कुमार सिंह ने अपने कार्यकाल में 8788 मुकदमों का निराकरण किया।

​विदाई समारोह के दौरान स्टेट बार काउंसिल और बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने उनके व्यक्तित्व और कार्यों की सराहना की। इस भावुक क्षण पर जस्टिस सिंह ने अपने सभी सहकर्मियों, कर्मचारियों और अधिवक्ताओं का आभार जताया तथा चीफ जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे को न्यायपालिका के उच्च शिखर तक पहुंचने की शुभकामनाएं दीं। जस्टिस अवनींद्र कुमार सिंह का यह कदम समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण की एक अनुपम मिसाल है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m