कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान होने में अब कम दिन ही शेष बचे हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत के लिए जी जान से प्रचार-प्रसार में जुट गए हैं। उपचुनाव को लेकर दावों का भी दौर लगातार जारी है। एक तरफ, जहां प्रशांत किशोर अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। वहीं, राजद और बीजेपी के नेता अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।
जनता विकास के नाम पर करेगी वोट- अनामिका पासवान
इन सबके बीच भाजपा प्रवक्ता अनामिका पासवान ने बांकीपुर उपचुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि, उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा के सामने कोई नहीं है। उनकी जीत तय है। जनता सिर्फ और सिर्फ विकास के नाम पर वोट करेगी और बांकीपुर का विकास हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने किया है, जो दिखता है।
प्रशांत को झोला लेकर वापस भेजेगी जनता- अनामिका
अनामिका पासवान ने कहा कि, प्रशांत किशोर झोला लेकर आए हैं और झोला देकर जनता उन्हें वापस भेजेगी। उन्होंने कहा कि, मैदान में राजद तो है ही नहीं। उनके नेता (तेजस्वी यादव) देश से बाहर घूम रहे हैं, उन्हें चुनाव से कोई मतलब ही नहीं है। इसीलिए जनता भी उनसे मतलब नहीं रखेगी। उन्होंने कहा कि, जनता का आशीर्वाद इस बार भी एनडीए उम्मीदवार को ही मिलेगा जनता ने ये तय कर लिया है।
थर-थर कांप रही है भाजपा- प्रशांत किशोर
चुनाव प्रचार के दौरान प्रशांत किशोर भी लगातार भाजपा पर हमलावर हैं। पीके ने कल शनिवार को प्रचार के दौरान मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, एक जनसुराज जिसका कोई संगठन नहीं है, हमने बांकीपुर में कोई काम नहीं किया है। एक आदमी खड़ा हो गया है और पूरी भाजपा थर-थर कांप रही है। भाजपा द्वारा हजारों कार्यकर्ता को उतारा गया है, अपने सो कॉल्ड किले (बांकीपुर) को बचाने के लिए। उन्होंने कहा कि, जहां भाजपा के लोग वोट मांगने भी नहीं जाते थे, वहां एक-एक वार्ड में मंत्री घूम रहे हैं। ये बिहार की जनता के लिए अच्छे दिन आ रहे हैं, जो नेता मंत्री पूछने भी नहीं आते थे। अब वे घर-घर जाकर कह रहे हैं कि वोट दें।
30 जुलाई को होगा मतदान
गौरतलब है कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है, बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा समेत कुल 39 उम्मीदवार मैदान में हैं। बीजेपी, जनसुराज और राजद के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद है। जनसुराज से प्रशांत किशोर और राजद से रेखा गुप्ता चुनावी मैदान में है। चुनाव का परिणाम 3 अगस्त को सामने आएगा। फिलहाल सभी दल के प्रत्याशी अपने-अपने प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं और अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- ‘तेजस्वी फोबिया से ग्रसित है भाजपा-जदयू’, राजद प्रवक्ता एजाज अहमद का बड़ा हमला

