रणधीर परमार, छतरपुर। देश के प्रमुख उद्योगपति अनंत अंबानी बागेश्वर धाम पहुंचे, जहां पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने उनका आत्मीय स्वागत किया। धीरेंद्र शास्त्री ने मुद्गर और बालाजी रुद्राक्ष की माला और अंग वस्त्र के साथ उनका स्वागत किया।

पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने उन्हें श्री बागेश्वर बालाजी भगवान, सन्यासी बाबा एवं प्रेतराज सरकार के पावन दर्शन कराए। साथ ही बागेश्वर बालाजी भगवान और सन्यासी बाबा प्रेतराज सरकार की महिमा के बारे में भी अवगत कराया। दर्शन के बाद अनंत अंबानी ने बागेश्वर बालाजी भगवान की आरती कर देश, धर्म और जनकल्याण की मंगलकामना के साथ आशीर्वाद प्राप्त किया। 

इसके बाद दोनों यज्ञशाला पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में हवन की पवित्र आहुतियां अर्पित कीं। इस दौरान अनंत अंबानी ने 11 कन्याओं का विधिवत पूजन कर उन्हें दक्षिणा भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही काशी (वाराणसी) से पधारे विद्वान ब्राह्मणों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद भी लिया। 

बता दें कि आज शाम अनंत अंबानी सबसे पहले खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचे जहां सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने उनका स्वागत किया। अनंत अंबानी यहां से सीधे बागेश्वर धाम गढ़ा के लिए रवाना हो गए।

खजुराहो सांसद ने बताया कि अनंत अंबानी ने खजुराहो में उद्योग जगत के लिए कई संभावनाओं की बात कही। जल्द खजुराहो में उद्योग जगत में एक नई शुरुआत हो सकती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m