भारतीय ओटीटी की सबसे पसंदीदा फैमिली ड्रामा सीरीज “गुल्लक” (Gullak) का पांचवां सीजन 5 जून 2026 से Sony LIV पर स्ट्रीम हो गया है. पॉपुलर सीरीज “गुल्लक 5” (Gullak 5) की वापसी के साथ ही अन्नू मिश्रा के किरदार में बदलाव भी काफी चर्चा में है. दरअसल, अन्नू मिश्रा का किरदार पिछले 4 सीजन से एक्टर वैभव राज गुप्ता (Vaibhav Raj Gupta) ने निभाया था, लेकिन 5वें सीजन में एक्टर अनंत वी जोशी (Anant Joshi) ने इस किरदार को निभाया है. वहीं, अब हाल ही में अनंत ने इस किरदार को निभाने पर बात की है.

दिलों में गहराई से बसे किरदार में ढलना आसान काम नहीं

हाल ही में अपने एक इंटरव्यू में बात करते हुए अनंत वी जोशी (Anant Joshi) ने गुल्लक 5 में वैभव राज गुप्ता (Vaibhav Raj Gupta) को रिप्लेस करने पर कहा- दर्शकों के दिलों में गहराई से बसे एक किरदार में ढलना कोई आसान काम नहीं है. 12वीं फेल और मामला लीगल है में शानदार एक्टिंग करने वाले अनंत वी जोशी ने स्वीकार किया कि हालांकि कुछ आशंकाएं थीं, लेकिन टीम ने शूटिंग शुरू होने से बहुत पहले ही कड़ी तैयारी की थी. सेट पर कदम रखने से पहले ही हमने एक पूरी प्रक्रिया अपनाई थी. हमने कई दौर की रीडिंग की और फिर मेकर्स के साथ चर्चा की, तब जाकर हम दोनों इस बात को लेकर पूरी तरह श्योर हो पाए कि हम इतना बड़ा फैसला लेने जा रहे हैं.”

अनंत वी जोशी (Anant Joshi) ने कहा “मेरा इरादा कभी किसी की नकल करना या किसी किरदार को उसी तरह निभाना नहीं था जैसे किसी और ने निभाया हो. क्योंकि किरदार की गहराई राइटिंग में ही निहित होती है. सीजन 5 के लिए अनु का सफर बिल्कुल अलग है, अब वह बाहर निकल रहा है, ‘जंगली दुनिया’ में कदम रख रहा है, उसे खोज रहा है और वहां की चुनौतियों का सामना कर रहा है. लेकिन जब भी वह घर पर होता है, मैंने यह सुनिश्चित किया कि जो लोग अनु को उसके पुराने रूप में प्यार करते हैं, मैं उन्हें वैसा ही महसूस कराऊं.”

इसी तरह के पारिवारिक माहौल में पले-बढ़े अनंत वी जोशी (Anant Joshi) ने बताया कि इस शो से जुड़ना किसी घबराहट भरी चुनौती से ज़्यादा घर वापसी जैसा लगा. उन्होंने कहा, “यह पहले गुल्लक की तरह ही खाने की मेज पर होने वाली आम बातचीत हुआ करती थी. इस शो के लिए इतने महत्वपूर्ण किरदार को निभाने का मौका मिलना, मुझे घबराहट से ज़्यादा रोमांच का एक्सपीरियंस था.”