Anant Singh: बिहार एमएलसी चुनाव को लेकर मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक इन दिनों अपने ही दलों के नेताओं पर फायर होते हुए नजर आ रहे हैं। पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार के बाद अब उन्होंने अपने एक हलिया बयान में भाजपा नेता और सरकार में मंत्री विजय कुमार सिन्हा को लेकर बड़ा बयान देते हुए उन्हें ‘चोर’ तक कह दिया। साथ ही दावा किया बिहार की जनता उनसे परेशान है।

विजय सिन्हा को बताया चोर

दरअसल हालही में भाजपा नेता विजय सिन्हा से जब यह सवाल किया गया कि एक ही दल में रहते हुए अनंत सिंह जन सुराज के प्रत्याशी का प्रचार क्यों कर रहे हैं? इस पर जवाब देते हुए विजय सिन्हा ने कहा था कि, ‘उन्हें ऐसा करने दीजिए, यह पढ़े-लिखे वोटरों का चुनाव है।’ विजय सिन्हा के इस बयान पर अनंत सिंह भड़क उठे और उन्होंने विजय सिन्हा को ‘चोर’ बताते हुए पूछा मेरी यात्रा में जुटने वाली भीड़ क्या अनपढ़ है? क्या सिर्फ विजय सिन्हा ही पढ़े-लिखे हैं? अनंत सिंह के इस बयान के बाद बिहार में खासकर एनडीए खेमे में बयानबाजी तेज होने की उम्मीद है। हालांकि मोकामा विधायक के इस बयान पर विजय सिन्हा की प्रतिक्रिया आना अभी बाकी है।

बोले- निशांत को प्रचार में नहीं जाना चाहिए

इस दौरान अनंत सिंह ने निशांत कुमार के चुनाव प्रचार में जाने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि, चुनाव प्रचार के लिए निशांत कुमार को नहीं जाना चाहिए था। ये छोटा चुनाव है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वे नीतीश के साथ थे, हैं और रहेंगे। वहीं, जब अनंत सिंह से यह पूछा गया कि आप पार्टी के खिलाफ जा रहे हैं, पार्टी आपके ऊपर कार्रवाई कर सकती है। इस पर उन्होंन कहा कि, न मरने का गम है, न जीने की खुशी है। अनंत सिंह आज तक किसी धमकी से न डरा है, न डरने वाला है।

‘नीतीश के साथ रहकर 9 मर्डर कराए’

वहीं, न्यूज एजेंसी IANS से बातचीत करने के दौरान अनंत सिंह ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि, हमने पार्टी के लिए जितना कुर्बानी दिया है। हमरे ऐतना कुर्बानी कोई और नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि, नीतीश जी कुछ नहीं थे। ऐसे ही हेने होने होइल (इधर-उधर) चलते थे, उस समय हमने नीतीश जी का साथ दिया। हम उनके साथ थे। इसके बाद मोकामा विधायक ने कहा कि, हमने नीतीश जी के साथ रहकर नौ गो मर्डर कराए। उस समय नीतीश जी बोल दिए थे कि तुम्हारा घर नहीं बचेगा, उसके बिहाने ही फोर्स गोली चला दिया.. हमर घर चूर कर दिया, हमर ऐतना कुर्बानी कौन दिया है। ऊ (नीरज कुमार) कौन कुर्बानी दिया है। कुल्ह आदमी गारी दिया है मोबाइल से। अनंत सिंह के इस बयान के बाद बिहार में सियासत तेज हो सकती है। साथ ही पूर्व सीएम नीतीश कुमार के साफ-सुथरे छवि को लेकर भी सवाल उठने लगा है।

ये भी पढ़ें- ‘13 बच्चों की मौत पर भी नहीं आए CM’, राघोपुर पहुंचे रौशन आनंद ने चिराग-तेजस्वी को भी खूब सुनाया