Bihar News: बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा को बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर से उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट पर सर्वाधिक 64,151 वोट पाकर बड़ी जीत हासिल की और बीजेपी के नीरज सिन्हा को उन्होंने 19,324 वोटों से मात दी। लगभग 30 सालों तक बीजेपी का गढ़ रहे बांकीपुर में मिली हार को भाजपा पचा नहीं पा रही है। वहीं, उपचुनाव के इस परिणाम को लेकर जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह का बड़ा बयान सामने आया है।
नीतीश के हटने को लेकर कही ये बात
बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों पर मोकामा से जदयू के विधायक अनंत कुमार सिंह ने कहा कि, इसमें (चुनाव में) कोई भी नेता न जीतता है, न हारता है। जनता जिसको जिताती है, वो जीतता है। वहीं, पूर्व सीएम और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार की गैरमौजूदगी पर अनंत सिंह ने कहा कि, सभी तरफ नीतीश कुमार की यही चर्चा है कि हमने (जनता) उन्हें वोट दिया और उन्हें बीच में हटा दिया गया है। इस बात में दम नहीं है। वो अपनी योजना से हटे हैं।
जहां चुनाव होगा, वहां यही हाल होगा- अनंत सिंह
अनंत सिंह ने आगे यह भी कहा कि, लेकिन जनता के बीच में चर्चा है कि उन्हें हटा दिया गया। अभी जहां भी चुनाव होगा, वहां यही हाल होगा। जनता में गुस्सा है कि हमनें मुख्यमंत्री किसे बनाया और उन्होंने किसको बना दिया। जनता नाराज है कि हम लोग किसके नाम पर वोट देते हैं और बीच मे वो लोग (पार्टी) बदला-बदली कर देते हैं।
बहुत खुश होने की जरूरत नहीं- गिरिराज सिंह
वहीं, उपचुनाव के नतीजों पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि, हम परिणाम को स्वीकार करते हैं, लेकिन इससे किसी को बहुत खुश होने की जरूरत नहीं है। 2009 में NDA नीतीश कुमार के नेतृत्व में 17 सीटों पर उपचुनाव लड़ी थी, 12 सीट हार गए थे और 2010 में 89% स्ट्राइक रेट से बिहार जीता था। इसलिए लोग बहुत खुश ना हों।
किसे कितने वोट मिले?
जन सुराज के प्रशांत किशोर को 64,151 वोट मिले।
भाजपा के नीरज सिन्हा को 44,827 वोट मिले।
राजद की रेखा गुप्ता को 14,273 वोट मिले।
बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए कुल 25 उम्मीदवार मैदान में थे। हालांकि चुनाव में जन सुराज, बीजेपी और राजद के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद की जा रही थी। लेकिन चुनाव के नतीजों को देखें तो यह कहना गलत नहीं होगा का बांकापुर का यह उपचुनाव तीन नहीं बल्की जन सुराज और बीजेपी दो दलों के बीच ही था। राजद की रेखा गुप्ता को इस चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा है। गिनती पूरी होने के बाद उन्हें महज 14,273 वोट मिले।
ये भी पढ़ें- नीतीश-मोदी की मुलाकात पर सांसद मीसा भारती का बड़ा बयान, PK को बताया भाजपा की B टीम


