गोरखपुर की 28 वर्षीय महिला ने पति पर अंडमान निकोबार में हनीमून के दौरान पीरियड आने से नाराज होकर मारपीट और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है. महिला की शिकायत पर पति, सास और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
गोरखपुर. जिले के रामगढ़ताल इलाके की 28 वर्षीय महिला ने अपने पति पर अंडमान निकोबार में हनीमून के दौरान पीरियड आने से नाराज होकर मारपीट करने और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है. महिला के मुताबिक, होटल कर्मचारियों के हस्तक्षेप के बाद उसकी जान बची. शादी के 45वें दिन उसे ससुराल से भी निकाल दिया गया.
महिला की शिकायत पर एसएसपी के निर्देश के बाद शनिवार रात नौ बजे रामगढ़ताल थाने में दिल्ली के गाजीपुर थाना क्षेत्र निवासी पति निखिल मिश्रा, सास संजू मिश्रा और ननद नेहा पांडेय के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.
शादी में 40 लाख से ज्यादा
महिला ने पुलिस को बताया कि 30 मई 2023 को दिल्ली के पटपड़गंज स्थित मैरिज लॉन में उसकी शादी निखिल मिश्रा से हुई थी. इससे पहले 30 अप्रैल को गोरखपुर में गोदभराई का कार्यक्रम हुआ था.
महिला का आरोप है कि ससुराल पक्ष की मांग पर उसके पिता ने 20 लाख रुपये नकद, हुंडई वेन्यू कार सहित 40 लाख रुपये से अधिक का सामान दिया था.
हनीमून में बिगड़ी बात
महिला के अनुसार, पति उसे 4 से 12 जुलाई 2023 के बीच अंडमान निकोबार लेकर गया था. इसी दौरान पीरियड आने पर उसे तेज दर्द और अधिक रक्तस्राव हुआ, जिसके चलते वह रोने लगी.
आरोप है कि इस बात से पति नाराज हो गया और उसने महिला के साथ लात-घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट की. इसके बाद उसने महिला का गला दबाने की कोशिश की.
होटल कर्मचारियों ने बचाया
महिला के मुताबिक, होटल के कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद पति ने उसे छोड़ दिया. महिला ने आरोप लगाया कि इस घटना के बाद भी वैवाहिक विवाद जारी रहा और शादी के महज 45वें दिन उसे ससुराल से निकाल दिया गया.
मामले में पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर पति निखिल मिश्रा, सास संजू मिश्रा और ननद नेहा पांडेय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.


