हकीमुद्दीन नासिर, महासमुंद। संभाग स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता के आयोजन स्थल बदलने से व्यवस्था को लेकर खिलाड़ियों के साथ अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा है। जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपे गए पत्र में प्रतियोगिता स्थल की व्यवस्था पर गंभीर आपत्तियां दर्ज कराते हुए तत्काल स्थल परिवर्तन की मांग की गई है। आक्रोशित खिलाड़ियों ने अव्यवस्था, टाॅयलेट नही होना, लड़कियों के लिए चैंजिंग रूम तक नही होने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल किया है।

यह भी पढ़ें : साय कैबिनेट की बैठक में हुए अहम फैसले, निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 को दी मंजूरी, NSTI के लिए नवा रायपुर में 10 एकड़ जमीन आवंटित…

शिकायतकर्ता के अनुसार, 8 सितंबर को महासमुंद जिले के बसना में आयोजित संभाग स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए पहले से निर्धारित स्थल को बदल दिया गया। नए स्थल पर आवश्यक सुविधाओं का पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत में आयोजन व्यवस्था को लेकर विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए हैं।

टीन शेड वाला भवन अंदर से बन गया है भट्ठी

शिकायत में कहा गया है कि प्रतियोगिता स्थल की छत टीन शेड की है, जिसके कारण भवन के भीतर अत्यधिक गर्मी बनी हुई है। पत्र में दावा किया गया है कि पंखे अथवा कूलर की अतिरिक्त व्यवस्था करने के बावजूद भी गर्मी को नियंत्रित करना मुश्किल है। ऐसे माहौल में खिलाड़ियों से खेल प्रतियोगिता कराने को लेकर अभिभावकों ने चिंता जताई है।

200 से ज्यादा खिलाड़ियों के लिए जगह पड़ रही छोटी

संभाग स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता में रायपुर, गरियाबंद, धमतरी एवं बलौदाबाजार से लगभग 200 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है। इसके बावजूद आयोजन स्थल काफी छोटा है। बड़ी संख्या में पहुंचे खिलाड़ियों ने सीमित स्थान में रखने, उनके बैठने और आराम की व्यवस्था के साथ खेल गतिविधियों का संचालन पर आपत्ति दर्ज कराई है।

उठने-बैठने के साथ-साथ शौचालय तक सुविधा नहीं

शिकायत में आयोजन स्थल पर वॉशरूम की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने पर भी खिलाड़ियों ने नाराजगी प्रकट की है। इसके अलावा भीषण गर्मी और भीड़ के बीच खिलाड़ियों के लिए पर्याप्त पेयजल, बैठने की जगह तथा हवा-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमियों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है।

अभिभावकों की दो टूक, प्रतियोगिता जरूरी, लेकिन

शिकायत पत्र में अभिभावकों ने कहा है कि बच्चे खेल प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने आए हैं, लेकिन इसके साथ उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और गरिमा का ध्यान रखना भी जरूरी है। अभिभावकों ने जिला शिक्षा अधिकारी से अनुरोध किया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आयोजन स्थल का तत्काल निरीक्षण कराया जाए और आवश्यकता होने पर प्रतियोगिता स्थल में परिवर्तन किया जाए।

अब सवाल यह है कि जब संभाग स्तर की प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से 200 से अधिक खिलाड़ी पहुंच रहे थे, तो आयोजन स्थल तय करते समय गर्मी, शौचालय, पेयजल, बैठने की जगह और पर्याप्त स्थान जैसी बुनियादी जरूरतों का आकलन क्यों नहीं किया गया?

देखिए वीडियो –

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m