कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम’ गाए जाने के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की चेयरपर्सन सोनिया गांधी के बातचीत करते नजर आने को लेकर हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। विज ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ के सम्मान में जिस प्रकार सावधान खड़ा होना चाहिए था, कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में से एक भी उस तरह खड़ा नहीं था।

विज ने कहा कि यह केवल एक गीत नहीं, बल्कि देश की राष्ट्रभक्ति और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ा राष्ट्रीय गीत है। ऐसे अवसर पर नेताओं का आचरण भी उसी सम्मान को प्रदर्शित करने वाला होना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब ‘वंदे मातरम’ गाया जा रहा था, तब कांग्रेस के शीर्ष नेता बातचीत करते दिखाई दिए।

राहुल के बयान पर विज ने पलटा 1984 का सवाल

अनिल विज ने जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन का जिक्र करते हुए राहुल गांधी के उस बयान को निशाने पर लिया, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि अगर कहीं गोली चलती है तो वह ऊपर के इशारे से चलती है।

विज ने इसी बयान को आधार बनाकर राहुल गांधी से सीधा सवाल किया। उन्होंने कहा कि अगर गोली चलने के लिए ‘ऊपर का इशारा’ जरूरी होता है, तो राहुल गांधी को यह भी बताना चाहिए कि 1984 में वह ‘ऊपर का इशारा’ किसका था? उस समय देश का प्रधानमंत्री कौन था?

विज ने 1984 की हिंसा का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस नेतृत्व से जवाब मांगते हुए कहा कि उस दौर में बड़ी संख्या में बेगुनाह लोगों की जान गई थी। ऐसे में कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि उस समय सत्ता में कौन था और उन घटनाओं की राजनीतिक जिम्मेदारी किसकी थी।

‘आज सवाल कांग्रेस से ही पूछा जाना चाहिए’

भाजपा नेता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कांग्रेस आज किसी घटना में सरकार या प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाती है, तो उसे अपने अतीत के सवालों का जवाब भी देना चाहिए।

विज के बयान का सीधा संदेश यही रहा कि ‘वंदे मातरम’ के सम्मान के सवाल पर कांग्रेस को घेरने के साथ-साथ 1984 की हिंसा का मुद्दा उठाकर राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व को अपने ही सवाल के कटघरे में खड़ा किया जाए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m