अनमोल मिश्रा, सतना। अगर दिल में जुनून और मेहनत का जज्बा हो तो मुश्किल हालात भी सपनों को पूरा होने से नहीं रोक सकते, सतना जिले के सेमरिया (करसरा) निवासी अनिरुद्ध पांडेय इसकी ताजा मिसाल बने हैँ। सेमरिया गांव के रहने वाले अनिरुद्ध पाण्डेय ने साबित करके दिखा दिया है की मेहनत के बल पर न सिर्फ अपने सपने पूरे किये जा सकते हैं बल्कि भाग्य भी बदला जा सकता है, अनिरुद्ध ने गांव में पढ़ाई की एवं देश के नामी संस्थानों में शामिल आईआईटी मद्रास तक का सफर तय कर लिया, अनिरुद्ध की इस सफलता पर जनपद सदस्य प्रतिनिधि उपेंद्र शुक्ला ने हर्ष व्यक्त किया है, उन्होंने कहा है कि अनिरुद्ध उन लाखों बच्चों के लिए मिसाल है जो मुश्किल हालातो में अपने सपनों को छोड़ देते हैं उन्होंने साबित कर दिखाया है कि अगर इरादे मजबूत हों तो पहाड़ों जैसी मुश्किलें भी रास्ता नहीं रोक सकती।

सिर से पिता का साया हटने के बाद भी बेटे ने नहीं मानी हार

अनिरुद्ध बताते हैं कि पिता के न रहने के बाद घर की आर्थिक तंगी के चलते “कई बार मन मारकर व तमाम संसाधनों की कमी के बीच पढ़ाई करनी पड़ी, लेकिन लक्ष्य साफ था,” एक दिन कुछ करके दिखाना है। अनिरुद्ध ने लगातार संघर्ष करके कक्षा नौवीं एवं दसवीं के छात्रों को ट्यूशन पढ़कर अपनी भी मेहनत जारी रखी, कठिनाइयों के बीच अनिरुद्ध ने हार नहीं मानी और आखिरकार इस साल उसका चयन आईआईटी मद्रास में हो गया अब वह बीएस इन डाटा साइंस की पढ़ाई कर अपने सपनों को पूरा कर सकेंगे।

अनिरुद्ध के टूटते सपने का सहारा बनी बहन आर्थिक मदद कर बढ़ाया भाई का हौंसला

अनिरुद्ध ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माँ और बड़ी बहन को दिया है, उन्होंने न्यूज़ 24  एवं लल्लूराम. कॉम से बात करते हुए बताया कि पिता के चले जाने के बाद उनके घर की आर्थिक स्थिक सही नहीं थी ऐसे में उनका आईआईटी एग्जाम क्लियर करने का सपना अधूरा लगने लगा था जिसके बाद उनकी बड़ी बहन ने उनका हौंसला बढ़ाया और उनके इस सपने को पूरा करने के लिए हर संभव मदद का वादा कर उनका मनोबल बढ़ाया जिसके बाद उन्हें फिर अपने सपने को साकार कर पाने का हौंसला आया और आख़िरकार रुकावटों और संघर्ष का सामना करते हुए अनिरुद्ध ने अपने सपने को साकार किया।

छोटे गांव के छात्र की बड़ी सफलता से ग्रामीणों सहित क्षेत्र वासियों में उत्साह

ग्रामीणों ने बताया कि अनिरुद्ध बचपन से ही पढ़ाई में बहुत मेहनती था, अनिरुद्ध की सफलता उन युवाओं के लिए एक प्रेरणा है जो अभावों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं, अनिरुद्ध जैसे छात्र साबित करते हैं की कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। ग्रामीण सहित क्षेत्रवासियों ने अनिरुद्ध की सफलता पर शुभकामनायें देते हुये उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m