Ankit Baliyan Murder Case : करनाल: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के मामले में जांच के बीच सोशल मीडिया पर सामने आए एक कथित ऑडियो ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। वायरल वीडियो में फरार चल रहे और एक लाख रुपये के इनामी आरोपी शूटर सत्यम की तस्वीर दिखाई दे रही है, जबकि ऑडियो में दो और हत्याओं की धमकी दिए जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने अंकित बालियान के परिजनों की सुरक्षा बढ़ा दी है।

सोशल मीडिया पर 17 सेकेंड का वीडियो वायरल

पुलिस के अनुसार, बुधवार को इंस्टाग्राम पर करीब 17 सेकेंड का एक वीडियो पोस्ट किया गया। इसमें सत्यम की तस्वीर के साथ उसकी आवाज में एक ऑडियो होने का दावा किया जा रहा है। ऑडियो में आने वाले समय में दो हत्याओं की बात कही गई है।

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वीडियो किस अकाउंट से अपलोड किया गया और इसके पीछे कौन लोग हैं।

दो शूटर मुठभेड़ में मारे गए

अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे दो शूटरों सुमित (24) और मोहित (22) को चार दिन पहले उत्तर प्रदेश पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

वहीं, करनाल के रहने वाले आरोपी सत्यम और आर्यन अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। दोनों पर पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया हुआ है।

26 अगस्त को हुई थी अंकित की हत्या

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या 26 अगस्त की शाम शामली में जिम से बाहर निकलते समय की गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मामले में लगातार अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।

20 से ज्यादा सोशल मीडिया अकाउंट मिले

जांच के दौरान पुलिस को इंस्टाग्राम, स्नैपचैट और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सत्यम, आर्यन और गोगी गिरोह के नाम से जुड़े 20 से अधिक अकाउंट मिलने की बात सामने आई है। अब पुलिस इन अकाउंट्स की गतिविधियों और वायरल वीडियो के स्रोत की जांच कर रही है।

जेल में बंद आरोपियों से पूछताछ की तैयारी

मामले की आगे की जांच के लिए पुलिस करनाल जेल में बंद राकेश उर्फ पंपू और दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद रोहित को रिमांड पर लेने के लिए अदालत का रुख करेगी। एएसपी सुमित के मुताबिक, दोनों से पूछताछ के दौरान हत्याकांड से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।

कई राज्यों में पुलिस की तलाश जारी

फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें करनाल, पानीपत, सोनीपत और पंजाब में तलाश कर रही हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी आर्यन का पासपोर्ट एक्सपायर हो चुका था और वह इसे दोबारा बनवाने की कोशिश कर रहा था।

शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अंकित बालियान के परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वायरल वीडियो और ऑडियो की भी जांच की जा रही है, ताकि इसकी वास्तविकता और इसे प्रसारित करने वालों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m