Ankit Baliyan Murder : शामली: हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान हत्याकांड में शामली पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। हत्या के पांच दिन बाद सोमवार सुबह पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में दो शूटर सुमित और मोहित मारे गए। दोनों को गोगी गैंग का शूटर बताया जा रहा है और दोनों सोनीपत जिले के रहने वाले बताए गए हैं।

ADG लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश के मुताबिक, शामली कोतवाली के पास अंकित बालियान की हत्या के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि वारदात में चार शूटर शामिल थे, जो दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर मौके से फरार हुए थे। इसके बाद पुलिस ने उनका पीछा शुरू किया।

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह शामली पुलिस की टीम की शूटरों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान सुमित और मोहित मारे गए। पुलिस ने उनके कब्जे से आधुनिक हथियार बरामद किए हैं। मुठभेड़ के दौरान शूटरों की ओर से की गई फायरिंग में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

ADG अमिताभ यश ने बताया कि मामले में फरार अन्य शूटरों और गैंग के वरिष्ठ सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वारदात से जुड़े सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि 26 अगस्त को हरियाणा के यूट्यूबर और हरियाणवी गायक अंकित बालियान की यूपी के शामली में हत्या कर दी गई थी। वह जिम से बाहर निकल रहे थे, तभी हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थीं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। वारदात शामली कोतवाली क्षेत्र में हुई थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m