चंडीगढ़: उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की जिम से बाहर निकलते ही बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी। हमलावरों ने पिस्टल से 20 से ज्यादा राउंड गोलियां चलाईं। गोली लगने से अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वारदात शामली शहर कोतवाली क्षेत्र में आर्यपुरी नाला पटरी के पास हुई। बताया जा रहा है कि अंकित बालियान रोज की तरह जिम गए थे। जैसे ही वह जिम से बाहर निकले, घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर गोलियां बरसा दीं। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
घटना के बाद फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस कई पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
अंकित बालियान मूल रूप से शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले थे और हरियाणा के सोनीपत में रहकर सिंगिंग करते थे। पिछले कुछ समय से वह अपने गांव में परिवार के साथ रह रहे थे। उनकी पहचान हरियाणवी संगीत और यूट्यूब के जरिए बनी थी। बताया जा रहा है कि अंकित जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहे थे, इसलिए पुलिस चुनावी रंजिश के एंगल से भी जांच कर रही है।
हत्याकांड के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर जाम भी लगाया। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


