अंकिता भंडारी मामले में सीबीआई की दिल्ली से आई टीम ने शनिवार को हरिद्वार में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर से करीब तीन घंटे पूछताछ की. यह कार्रवाई सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर की कथित फोन रिकॉर्डिंग से जुड़े विवाद के बाद की गई जांच के सिलसिले में हुई.

हरिद्वार. अंकिता भंडारी मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शनिवार को उत्तराखंड के पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर से पूछताछ की. दिल्ली से आई सीबीआई की टीम शाम को हरिद्वार पहुंची और भेल स्थित शिवालिक गेस्ट हाउस में राठौर से करीब तीन घंटे तक सवाल-जवाब किए. इसके बाद टीम दिल्ली लौट गई.

फोन रिकॉर्डिंग से जुड़ा मामला

इस मामले ने करीब छह महीने पहले उस समय तूल पकड़ा था, जब सुरेश राठौर और खुद को उनकी पत्नी बताने वाली सहारनपुर की अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच मोबाइल पर बातचीत की एक कथित रिकॉर्डिंग प्रसारित हुई थी. इस बातचीत में अंकिता भंडारी मामले के कथित वीआईपी को लेकर कुछ भाजपा नेताओं के नामों का जिक्र किए जाने का दावा किया गया था.

रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ हरिद्वार तथा देहरादून में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए गए थे. इनमें भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रभारी और मौजूदा राज्यपाल दुष्यंत गौतम की ओर से दर्ज कराया गया मुकदमा भी शामिल था.

सीबीआई जांच के सिलसिले में पूछताछ

मामले को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ने के बाद सीबीआई जांच की संस्तुति की गई थी. इसी क्रम में केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम हरिद्वार पहुंची और पूर्व विधायक सुरेश राठौर से पूछताछ की.

करीब तीन घंटे चली पूछताछ के बाद टीम वापस दिल्ली रवाना हो गई. मामले में कथित फोन रिकॉर्डिंग और उससे जुड़े आरोपों को लेकर जांच की प्रक्रिया जारी है.