हिसार। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में 80 किलोग्राम भार वर्ग की बॉक्सिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले हिसार के भेरिया गांव निवासी बॉक्सर अंकुश पंघाल का शुक्रवार को गृह जिले पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) के गेट नंबर-4 पर खेल प्रेमियों, समर्थकों और ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार अभिनंदन किया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर करीब 2 बजे एचएयू के गेट नंबर-4 से अंकुश पंघाल का विजय जुलूस शुरू हुआ। उन्हें विशेष रूप से सजाई गई खुली जीप में बैठाकर उनके पैतृक गांव भेरिया के लिए रवाना किया गया। इस दौरान जीप उनकी बहन ने चलाई। उन्होंने कहा कि अपने भाई का इस तरह स्वागत करना उनके लिए गर्व और खुशी का पल है।
एचएयू से भेरिया गांव तक करीब 25 किलोमीटर लंबे मार्ग पर जगह-जगह स्वागत की तैयारियां की गई थीं। पांच प्रमुख स्थानों पर खेल प्रेमियों और ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के बीच फूल-मालाओं से स्वागत किया और पुष्प वर्षा कर गोल्डन बॉय का अभिनंदन किया।
सरकार का मिला पूरा सहयोग, अब एशियन गेम्स पर फोकस : अंकुश पंघाल
अंकुश पंघाल ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को लगातार बेहतर सहयोग दे रही है। मुख्यमंत्री ने भी उन्हें मिलने के लिए बुलाया है, जहां आगे की तैयारियों और योजनाओं पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स में उनका पूरा फोकस गोल्ड मेडल जीतने पर था और खुशी है कि वह देश के लिए स्वर्ण पदक लेकर लौटे हैं। अब उनका अगला लक्ष्य एशियन गेम्स और नेशनल गेम्स है, जिसकी तैयारी उन्होंने शुरू कर दी है। उन्होंने युवाओं से मेहनत और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का संदेश भी दिया।
2028 ओलंपिक में मेडल का रंग बदलने का दम रखता है अंकुश : कोच प्रदीप सावंत
अंकुश के कोच प्रदीप सावंत ने कहा कि उनके लिए यह बेहद भावुक और गर्व का क्षण है। जो सपना वह स्वयं खिलाड़ी के रूप में पूरा नहीं कर सके, उसे अंकुश ने गोल्ड मेडल जीतकर साकार कर दिखाया। उन्होंने बताया कि अब पूरी टीम का लक्ष्य 23 सितंबर से जापान में होने वाले एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतना है। इसके बाद 2028 ओलंपिक की तैयारी पर पूरा ध्यान रहेगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय बॉक्सिंग में अब तक ओलंपिक में केवल विजेंदर कुमार ने ब्रॉन्ज मेडल जीता है, लेकिन उन्हें विश्वास है कि अंकुश भविष्य में उस मेडल का रंग बदलने की क्षमता रखते हैं।
हिसार के इस खिलाड़ी ने कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर न केवल अपने जिले बल्कि पूरे हरियाणा और देश का नाम रोशन किया है। उनके स्वागत समारोह में उमड़े उत्साह ने खिलाड़ियों के प्रति लोगों के सम्मान और खेल संस्कृति को भी नई ऊर्जा दी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


