मनेंद्र पटेल, दुर्ग। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में 3 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक पड़ोस में रहने वाला नशेड़ी युवक बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर अपने साथ ले गया था, लेकिन जब बहुत देर तक बच्ची नहीं मिली तो घर वालों ने खोजबीन शुरू की। बच्ची पुरैना से लगे एनएसपीसीएल ग्राउंड के पास मिली, जहां उसके हाथ-पैर बंधे थे। ग्रामीणों ने बच्ची को समय रहते बचा लिया। वहीं आरोपी युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया।

सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लिया। पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित बरामद कर डॉक्टरी परीक्षण और उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने पुष्टि की है कि यह दुष्कर्म की कोशिश थी, बच्ची के साथ दुष्कर्म नहीं हुआ है। बच्ची की हालत सामान्य है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

5 साल की बच्ची से रेप था हुआ

इससे पहले हाल ही में दुर्ग के उतई थाना क्षेत्र में 5 साल की बच्ची से रेप हुआ था। वारदात को अंजाम देने वाला बच्ची का पड़ोसी था। युवक बच्ची को अपने साथ बहलाकर ले गया था। रेप की वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी ने बच्ची की हत्या करने के इरादे से मुंह को तकिया के कवर से बांधा फिर उसे बोरी में भरकर घर के पीछे खंडहर के पास कुएं के पास फेंक दिया था। इसके बाद आरोपी अपने घर आ गया था। करीब 2 घंटे बाद भी बच्ची की मौत नहीं हुई। गांव के लोगों ने जब बोरे में हलचल देखी तो मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने पहुंचकर बोरा खोला तो बच्ची जिंदा मिली, हालांकि वह काफी डर और सहमी हुई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H