सीधी। जिला मुख्यालय स्थित कन्या महाविद्यालय के सामने बने प्रसिद्ध ‘संकट मोचन धाम हनुमान मंदिर’ में एक बार फिर चोरी का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। मंदिर में घुसे एक शातिर चोर ने प्रभु भक्ति का ढोंग रचते हुए भगवान लक्ष्मी-नारायण की कीमती मूर्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।

बड़ी सफाई से नौ दो ग्यारह हो गया

वायरल सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि चोर पहले एक आम श्रद्धालु की तरह मंदिर परिसर में प्रवेश करता है। वह बेहद श्रद्धाभाव से हाथ जोड़कर भगवान के चरणों में वंदन करता है। इसके तुरंत बाद जैसे ही उसे मौका मिलता है, वह गर्भगृह में विराजित प्रभु लक्ष्मी-नारायण की मूर्ति को उठाता है, उसे अपनी जेब में रखता है और बड़ी सफाई से नौ दो ग्यारह हो जाता है।

एक ही मंदिर में बार-बार हो रही चोरियां

सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित इस प्रमुख मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी रोष है। श्रद्धालुओं के अनुसार, विगत कुछ माह पूर्व भी इसी मंदिर को निशाना बनाया गया था। तब चोरों ने भगवान हनुमान जी और शनिदेव महाराज की मूर्ति से मुकुट पार कर दिए थे।सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस फुटेज के आधार पर चोर के हुलिए और गतिविधियों की शिनाख्त कर रही है। मंदिर समिति और स्थानीय नागरिकों ने आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर मूर्ति बरामद करने और मंदिर क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m