गुलशन कुमार, नारनौल। नांगल चौधरी विधानसभा क्षेत्र के गांव आंतरी में ग्रामीण लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। हालात यह हैं कि पानी की सप्लाई का इंतजार करने के लिए महिलाओं को सुबह से लेकर शाम तक पानी की टंकी पर बैठे रहना पड़ता है। कई बार घंटों इंतजार के बाद भी पानी नहीं आने पर उन्हें खाली हाथ घर लौटना पड़ता है।

ग्रामीण महिलाओं के लिए पानी की समस्या रोजमर्रा की जिंदगी में बड़ी परेशानी बन गई है। एक ओर उन्हें घर के कामकाज और परिवार की जिम्मेदारियां निभानी होती हैं, वहीं दूसरी ओर पानी का इंतजाम करने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।

सप्लाई के इंतजार में घंटों टंकी पर बैठती हैं महिलाएं

ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि पानी सप्लाई से जुड़े कर्मचारी कई बार उन्हें बताते हैं कि आधे घंटे या एक घंटे में पानी आ जाएगा। इसके बाद महिलाएं पानी की टंकी पर पहुंचकर सप्लाई शुरू होने का इंतजार करती हैं, ताकि पानी आते ही अपना नंबर लगाकर पानी भर सकें और समय रहते घर के अन्य काम भी निपटा सकें।

हालांकि, कई बार घंटों इंतजार करने के बावजूद पानी की सप्लाई नहीं आती। ऐसे में महिलाओं को बिना पानी लिए ही वापस घर लौटना पड़ता है। ग्रामीणों के मुताबिक यह समस्या नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से गांव में बनी हुई है।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कई बार लगाई गुहार

ग्रामीणों का कहना है कि पानी की समस्या को लेकर विभागीय अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि गांव में नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि महिलाओं और अन्य ग्रामीणों को पानी के लिए घंटों इंतजार न करना पड़े।

सरपंच प्रतिनिधि ने भी माना, लंबे समय से बनी है समस्या

मामले को लेकर सरपंच प्रतिनिधि बलवंत ने भी माना कि गांव में पानी की समस्या काफी लंबे समय से चली आ रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में विभागीय अधिकारियों से कई बार बातचीत की जा चुकी है।

बलवंत के अनुसार स्थानीय विधायक मंजू चौधरी से लेकर पूर्व मंत्री डॉ. अभय सिंह यादव तक को भी समस्या से अवगत कराया जा चुका है। उनका कहना है कि जब विभागीय अधिकारियों के साथ समस्या के समाधान को लेकर बातचीत होती है और उन्हें मौके का निरीक्षण करवाया जाता है, तो कई बार अधिकारी बदल जाते हैं। इसके बाद नए अधिकारी को दोबारा पूरी स्थिति समझानी पड़ती है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में इस संबंध में जेई नितिन कुमार से भी बातचीत की गई है और उम्मीद है कि जल्द ही समस्या का समाधान होगा।

जेई बोले- मौके का निरीक्षण कर समाधान का प्रयास करेंगे

वहीं, इस मामले में पब्लिक हेल्थ विभाग के जेई नितिन कुमार से फोन पर बात की गई। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह गांव आंतरी की पानी की समस्या से अवगत नहीं हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही मौके का निरीक्षण कर स्थिति की जानकारी ली जाएगी और समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा।

अब देखना होगा कि विभागीय अधिकारी गांव का निरीक्षण कर पेयजल संकट का स्थायी समाधान कब तक निकालते हैं और ग्रामीण महिलाओं को पानी के लिए घंटों टंकी पर इंतजार करने से कब राहत मिलती है।