पटना। बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। प्रशांत किशोर की पार्टी ‘जन सुराज’ ने डॉ. अनुज सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है, जो आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस सियासी ड्रामे की सबसे खास बात यह है कि जदयू विधायक अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ जाकर अनुज सिंह का खुला समर्थन कर रहे हैं।
नामांकन की भव्य तैयारी और 50 हजार रसगुल्ले
डॉ. अनुज सिंह आज सुबह 10 बजे पटना के दारोगा राय पथ स्थित कर्पूरी बैंक्वेट हॉल से नामांकन के लिए रवाना होंगे। उनके समर्थन में मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह ने भारी तैयारी की है। अनुज सिंह के आवास पर उनके समर्थकों के लिए विशेष रूप से 50 हजार रसगुल्ले तैयार किए गए हैं। अनंत सिंह ने दावा किया है कि इस नामांकन में पूरा पटना भर जाएगा और उन्होंने इसके लिए ‘गर्दा तैयारी’ की है।
पार्टी लाइन से बगावत और नेतृत्व तक पहुंचा विवाद
यह मुकाबला मुख्य रूप से जन सुराज के अनुज सिंह और जदयू के वरिष्ठ नेता व एमएलसी नीरज कुमार के बीच है। अनंत सिंह ने ऐलान किया है कि वे नीरज कुमार को जीतने नहीं देंगे। पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर समर्थन करने का यह मामला शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच चुका है। हाल ही में प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और मंत्री श्रवण कुमार ने पूर्व सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात कर पूरी स्थिति की जानकारी दी थी, लेकिन अनंत सिंह अपने फैसले पर कायम हैं।
जब अनंत सिंह से पार्टी कार्रवाई को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि जब नीरज कुमार ने पार्टी के अंदर विरोध किया था, तब क्या उन पर कोई कार्रवाई हुई थी?
कौन हैं डॉ. अनुज सिंह और क्या है उनका राजनीतिक सफर?
डॉ. अनुज सिंह शिक्षा जगत से ताल्लुक रखते हैं और ‘मॉडर्न ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स/मॉडर्न इंग्लिश स्कूल’ के निदेशक हैं। उन्होंने संसाधन भूगोल में पीएचडी की है। राजनीति में आने से पहले वह कांग्रेस के नवादा जिला उपाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके बाद उन्होंने जन सुराज का दामन थामा और 2025 के विधानसभा चुनाव में नवादा सीट से चुनाव लड़े थे, हालांकि तब उन्हें सफलता नहीं मिली थी। अब पार्टी ने उन्हें एमएलसी चुनाव के मैदान में उतारा है।
चुनावी हलफनामे के अनुसार, डॉ. अनुज सिंह के पास लगभग 4.78 करोड़ रुपये की कुल चल-अचल संपत्ति और करीब 14.31 लाख रुपये की देनदारी है। उनके पास एक लाइसेंसी राइफल भी है।
तीन जिलों में फैला है यह निर्वाचन क्षेत्र
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के दायरे में पटना, नालंदा और नवादा जिले आते हैं, जिसके अंतर्गत कुल 26 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। अनंत सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि नामांकन के बाद वे नवादा और नालंदा का दौरा करके अनुज सिंह के लिए प्रचार करेंगे।

