दिग्गज एक्टर अनुपम खेर (Anupam Kher) ने अपने दिवंगत मित्र और एक्टर सतीश कौशिक (Satish Kaushik) की बेटी वंशिका कौशिक के जन्मदिन पर ऐसा भावुक संदेश साझा किया, जिसने सोशल मीडिया पर हर किसी का दिल छू लिया है. अनुपम खेर (Anupam Kher) ने वंशिका के लिए प्यार, अपनापन और जिम्मेदारी से भरा संदेश लिखते हुए न सिर्फ उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं, बल्कि हमेशा साथ निभाने का वादा भी किया.

बेटी को मानते हैं परिवार का हिस्सा

बता दें कि अनुपम खेर (Anupam Kher) ने अपने पोस्ट की शुरुआत में वंशिका को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा कि ईश्वर उन्हें दुनिया की सारी खुशियां, लंबी, स्वस्थ और खूबसूरत जिंदगी दे. उन्होंने यह भी कामना की कि वंशिका अपने हर सपने को पूरा करने की ताकत और हिम्मत हासिल करें. लेकिन इस संदेश की सबसे खास बात वह थी, जिसमें उन्होंने वंशिका को अपनी बेटी बताया.

अनुपम खेर ने लिखा कि जब सतीश कौशिक (Satish Kaushik) इस दुनिया में थे, तब भी वह वंशिका को अपनी बेटी और दोस्त की तरह ही मानते थे. उन्होंने कहा कि कुछ रिश्ते खून के नहीं होते, बल्कि प्यार, भरोसे और अपनापन से बनते हैं और उनका तथा वंशिका का रिश्ता भी बिल्कुल ऐसा ही है. उनके इन शब्दों ने यह साफ कर दिया कि सतीश कौशिक के जाने के बाद भी वह उनकी बेटी को अपने परिवार का हिस्सा मानते हैं.

चाहते हैं बेटी के कन्यादान का सौभाग्य

हालांकि, पूरे पोस्ट में सबसे ज्यादा भावुक करने वाला हिस्सा वह था, जब अनुपम खेर (Anupam Kher) ने वंशिका से एक खास वादा किया. उन्होंने लिखा कि वह हमेशा उनके साथ रहेंगे, उनकी रक्षा करेंगे, उनका हौसला बढ़ाएंगे और जिंदगी के हर कठिन दौर में उनका साथ देंगे. इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि कौन जानता है, कई साल बाद जब वंशिका शादी करने का फैसला करेंगी, तो शायद उन्हें उनका कन्यादान करने का सौभाग्य भी मिले. अनुपम ने यह भी कहा कि उस दिन में अभी काफी समय है, लेकिन सिर्फ यह सोचकर ही उनका दिल प्यार और स्नेह से भर जाता है. अपने संदेश के अंत में अनुपम खेर ने अपने सबसे करीबी दोस्त सतीश कौशिक (Satish Kaushik) को भी याद किया. उन्होंने विश्वास जताया कि आज सतीश कौशिक जहां भी होंगे, अपनी बेटी को देखकर मुस्कुरा रहे होंगे और उसे ढेर सारा प्यार व आशीर्वाद दे रहे होंगे. यह पंक्तियां पढ़कर फैंस भी भावुक हो गए और कई लोगों ने इसे दोस्ती और रिश्तों की सबसे खूबसूरत मिसाल बताया.

दशकों पुरानी है दोस्ती

बता दें कि अनुपम खेर (Anupam Kher) और सतीश कौशिक (Satish Kaushik) की दोस्ती दशकों पुरानी रही है और फिल्म इंडस्ट्री में इसे हमेशा एक मिसाल के तौर पर देखा गया है. अब यही रिश्ता दोस्ती की सीमाओं से आगे बढ़कर एक पिता और बेटी के अनमोल रिश्ते में बदलता नजर आ रहा है. अनुपम खेर का यह भावुक संदेश न सिर्फ वंशिका के लिए एक खूबसूरत जन्मदिन का तोहफा बना, बल्कि इसने यह भी साबित कर दिया कि सच्चे रिश्ते सिर्फ खून से नहीं, बल्कि प्यार, विश्वास और निभाने की भावना से बनते हैं. यही वजह है कि उनका यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इसे पढ़कर भावुक होने के साथ-साथ अनुपम खेर की संवेदनशीलता और बड़े दिल की जमकर तारीफ कर रहे हैं.