Anupgarh Retired Army Man Suicide: राजस्थान के अनूपगढ़ में एक रिटायर्ड फौजी ने कथित तौर पर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अमर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से 7 से 8 पन्नों का एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है।

पत्नी दवाई लेने गई थी, घर में थे अकेले
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय अमर सिंह की पत्नी दवाई लेने के लिए बीकानेर गई हुई थीं। घर में अमर सिंह अकेले थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने पहले अपनी फोटो पर फूलों की माला चढ़ाई और फिर घर के बरामदे में पंखे से रस्सी बांधकर फांसी लगा ली।
पड़ोसियों ने देखा तो मचा हड़कंप
शनिवार शाम करीब 5:30 बजे घर के सामने रहने वाले पड़ोसी किसी काम से अपनी छत पर गए। वहां से उन्होंने अमर सिंह को फंदे से लटका देखा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत रस्सी काटकर उन्हें नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी।
घटनास्थल से मिला 7-8 पन्नों का सुसाइड नोट
सूचना मिलने पर अनूपगढ़ थाना प्रभारी (SHO) करतार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि मृतक की फोटो के पास 7 से 8 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। इसके अलावा उनका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस सुसाइड नोट और मोबाइल की जांच कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
बेटों को पड़ोसियों ने दी सूचना
वार्ड नंबर 7 के पूर्व पार्षद के पति लालचंद के अनुसार, मृतक का बड़ा बेटा राजकुमार बीकानेर में रहता है, जबकि छोटा बेटा रामकुमार अनूपगढ़ के गांव 62 जीबी में रहता है। घटना की जानकारी मिलते ही रामकुमार और अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए।
अभी तक दर्ज नहीं हुई शिकायत
पुलिस के अनुसार, परिजनों की ओर से फिलहाल अनूपगढ़ थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
पढ़ें ये खबरें
- घर में सुख-शांति और सकारात्मक ऊर्जा हमेशा बनी रहेगी, बस इन पांच चीजों का ध्यान रखेंगे…
- किसानों का फिर आंदोलन का ऐलान, 7 दिसंबर को चंडीगढ़ में लगेगा पक्का मोर्चा; MSP की कानूनी गारंटी समेत कई मांगें
- FIR दर्ज, आयोजक गिरफ्तार : कोलकाता हादसे में पुलिस ने लिया एक्शन, इलाके में धारा 163 लागू
- IPL 2027 मिनी ऑक्शन की तारीख तय, इस दिन गोवा में लगेगी खिलाड़ियों पर बोली
- वो VIP कौन था? अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच पर हरीश रावत ने उठाए सवाल, भाजपा को घेरते हुए दिया बड़ा बयान
