न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में स्ट्रांग रूम से 24 EVM मशीनें गायब होने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस गंभीर लापरवाही के बाद जिले में सियासी पारा पूरी तरह से चढ़ गया है। मामले को लेकर कांग्रेस के पूर्व विधायक सुनील सराफ का बड़ा बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने पूरी घटना पर गहरा संदेह जताते हुए पूरे मामले की SIT जांच कराने की पुरजोर मांग की है।
2023-2024 की मशीनों में भी गड़बड़ी का जताया अंदेशा
पूर्व विधायक सुनील सराफ ने जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अनूपपुर कलेक्टर केवल एक FIR दर्ज कराकर अपनी जिम्मेदारी से भाग रहे हैं। सराफ ने आशंका जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें तो यह भी शक है कि 2023 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में इस्तेमाल की गई मशीनों को भी खुर्द-बुर्द कर दिया गया होगा।

भौतिक सत्यापन और CCTV फुटेज खंगालने की मांग
चुनावी निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए पूर्व विधायक ने मांग की है कि जिले के सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को तत्काल बुलाया जाए और वर्तमान में मौजूद सभी ईवीएम मशीनों का भौतिक सत्यापन (Physical Verification) कराया जाए। उन्होंने प्रशासनिक चूक पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि आखिर इन अति-संवेदनशील मशीनों को समय रहते सुरक्षित स्थान पर क्यों नहीं रखवाया गया?

सख्त कार्रवाई और स्टॉक रजिस्टर जांचने की उठी मांग
सुनील सराफ ने जिला प्रशासन से मांग की है कि स्ट्रांग रूम के आसपास के CCTV फुटेज और स्टॉक रजिस्टर की बारीकी से जांच कराई जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह लापरवाही किस स्तर पर हुई है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद इस पूरी धांधली में दोषी पाए जाने वाले प्रशासनिक और निर्वाचन अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

