न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से एक रूह कंपा देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिले के करन पठार थाना क्षेत्र के सरई चौकी अंतर्गत आने वाले अमोदा गांव में एक 32 वर्षीय युवक ने डंडे से पीट-पीटकर अपने ही परिवार के सदस्यों को मौत के घाट उतार दिया। इस सिरफिरे युवक के खूनी तांडव में अब तक मां, नाना-नानी और 5 साल की मासूम बच्ची समेत कुल 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

मां, नाना और नानी की मौके पर ही मौत 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान 32 वर्षीय प्रेम सिंह गोंड के रूप में हुई है। आरोपी ने अचानक उग्र होकर घर में रखे डंडे से परिवार के लोगों पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस हमले में 75 वर्षीय नाना संपत सिंह गोंड, 70 वर्षीय नानी भन्नी बाई गोंड और 50 वर्षीय मां अनूपिया बाई की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

वारदात में आरोपी का मामा और उनकी दो मासूम बेटियां भी बुरी तरह घायल हो गईं। सभी घायलों को नाजुक हालत में शहडोल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ इलाज के दौरान 5 वर्षीय मासूम बच्ची ने भी दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस दिल दहला देने वाली वारदात में मृतकों की संख्या बढ़कर 4 हो गई है।

मां की दया पड़ी भारी 

घटना के संबंध में हैरान कर देने वाला पहलू सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी प्रेम सिंह घटना से पहले भी उपद्रव कर रहा था और उसने एक मंदिर के पुजारी पर भी हमला कर दिया था। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने उसे रस्सियों से बांधकर रख दिया था। लेकिन शनिवार सुबह आरोपी की मां अनूपिया बाई ने दया दिखाते हुए उसकी रस्सियां खोल दीं। रस्सी खुलते ही आरोपी ने आपा खो दिया और घर में मौजूद डंडा उठाकर एक-एक कर अपने ही परिजनों पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया।

मौके पर पहुँची फॉरेंसिक टीम 

एक साथ 4 मौतों की खबर से अमोदा गांव में मातम और हड़कंप का माहौल है। सूचना मिलते ही करन पठार थाना पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m