न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में बड़ा हादसा हो गया। जहां वाहन की टक्कर से बाइक पुल के नीचे जा गिरी। इस घटना में बाइक सवार नानी-नाती की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पोते ने अस्पताल में दम तोड़ा। बताया जा रहा है कि यह सभी कथा में गए थे। घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। यह पूरी घटना फुनगा पुलिस चौकी के ग्राम पंचायत पाली के पास की है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर हादसे की वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
मृतकों की पहचान आर्यन केवट (21) पिता रामस्वरूप केवट, पंकज केवट (22) पिता राजेश केवट और देववती केवट (56) पति बद्री केवट तीनों निवासी ग्राम बकेली थाना कोतवाली अनूपपुर के रूप में हुई है। रिश्ते में मृतकों में पंकज केवट जो आर्यन केवट का फुफेरा भाई है, जबकि मृतका देववती केवट आर्यन केवट की दादी और पंकज केवट की नानी लगती है। घटना में पंकज केवट और देववती केवट की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि आर्यन केवट को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुनगा में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। यहां पहुंचने के दौरान ही आर्यन केवट की मौत हो गई।
रेलिंग को पार कर नीचे गिरी बाइक
मृतक आर्यन केवट का चचेरा भाई दीपक केवट ने बताया कि बिजुरी स्थित रिश्तेदार में एक व्यक्ति तीर्थ यात्रा कर वापस से बिजुरी लौटा था, इसके उपलक्ष्य में बुधवार की शाम कथा का आयोजन किया गया था। बकेली स्थित गांव से कथा में शामिल होने के लिए आर्यन केवट अपने फुफेरे भाई पंकज केवट और दादी के साथ बाइक एमपी 65 जेडसी 9444 पर सवार बुधवार की शाम बिजुरी गया था, जहां रात में रुकने के उपरांत सुबह बिजुरी से बकेली घर वापसी लौट रहा था। इसी दौरान पाली ग्राम पंचायत पहुंचते हैं पुल के पास अचानक बाइक पुल पर खड़ी तीन फीट ऊंची दीवाल की रेलिंग को पार करती नीचे गिर गई। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल के पास जब बाइक गुजर रही थी तो सामने से कोई अज्ञात वाहन भी गुजरा, संभवत इसके टक्कर के बाद बाइक पुल से नीचे अनियंत्रित होकर जा गिरी।
एक ही बेटा था
परिजनों के अनुसार पंकज के पिता राजेश केवट की मौत कई वर्ष पहले हो चुकी है, मां का मायका और ससुराल बकेली गांव में ही है, पंकज केवट मीनिंग की कोर्स की पढ़ाई कर रहा था, घर में छोटा भाई और मां है। मां दुर्गा केवट आशा कार्यकर्ता है। जबकि आर्यन केवट दशमी तक की पढ़ाई कर चुका था, घर में पिता मजदूरी कर घर का भरण पोषण कर रहे है, आर्यन अपने परिवार में एक बहन जो नवमी में पढ़ती है के साथ अकेला पुत्र था।
जांच पड़ताल जारी
चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते ने बताया कि स्थानीय लोगों ने हादसा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने अथवा अज्ञात वाहन की टक्कर से दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और क्या इसमें किसी अज्ञात वाहन की भूमिका है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

