न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आमाडांड तालाब में नहाते समय एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान चंद्र चौधरी (26 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतक चंद्र चौधरी निवासी ग्राम दमदम, चौकी कोटमी, थाना पेंड्रा का रहने वाला था। वह अपने मामा के लड़के के साथ ग्राम कोदवाही से ग्राम आमाडांड स्थित रिश्तेदारी में आया हुआ था।
परिवार के साथ नहाने गया था तालाब
जानकारी के अनुसार, चंद्र चौधरी अपने रिश्तेदारों के साथ मलगा रोड स्थित आमाडांड तालाब में नहाने गया था। तैरते समय अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने कोशिश की, लेकिन युवक को बचाया नहीं जा सका।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही थाना रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया और कानूनी औपचारिकताओं के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। युवक के अचानक निधन से परिजनों व ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार वाले युवक की मौत को लेकर काफी दुखी हैं।

