दीपक भारद्धाज, पलवल। जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए पलवल पुलिस ने बड़ा जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने युवाओं और आम नागरिकों से नशे के खिलाफ आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पलवल पुलिस एक स्वस्थ, सुरक्षित और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
एसपी नीतीश अग्रवाल ने कहा कि नशा एक धीमा जहर है। यह व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर बना देता है। साथ ही पूरे परिवार की खुशियां भी छीन लेता है। उन्होंने खासतौर पर हेरोइन और सिंथेटिक ड्रग्स जैसे खतरनाक नशों को समाज के लिए गंभीर खतरा बताया।
उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी ऊर्जा खेल, योग, शिक्षा, कौशल विकास और अन्य सकारात्मक गतिविधियों में लगाएं। एसपी ने कहा कि नशे की लत युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल रही है। इससे करियर, शिक्षा और रिश्तों पर भी बुरा असर पड़ता है।
अभिभावकों से भी की खास अपील
पुलिस अधीक्षक ने माता-पिता और अभिभावकों से कहा कि वे अपने बच्चों के साथ लगातार संवाद बनाए रखें। उनकी गतिविधियों पर नजर रखें और समय-समय पर उन्हें नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि परिवार की सतर्कता से कई युवा नशे की गिरफ्त में जाने से बच सकते हैं।
नशा तस्करों पर जीरो टॉलरेंस नीति
एसपी नीतीश अग्रवाल ने साफ कहा कि पलवल पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति पर काम कर रही है। अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि नशा मुक्त अभियान को सफल बनाने के लिए जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। पुलिस अकेले इस लड़ाई को नहीं जीत सकती।
1933 हेल्पलाइन पर दें सूचना
पलवल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि आसपास कहीं नशे का कारोबार हो रहा हो या युवाओं को नशे की ओर धकेला जा रहा हो, तो इसकी सूचना तुरंत मानस नेशनल हेल्पलाइन नंबर 1933 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

