Apple iPhone Duo Screen Issue: दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनी Apple के पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रहीं हैं। 3 लाख की भारी भरकम कीमत से शुरू इस मोबाईल में इनर स्क्रीन क्रैक होने की शिकायतें सामने आई हैं। कई यूजर्स ने फोन की अंदरूनी डिस्प्ले पर क्रैक और टूटने की जानकारी दी है। सोशल मीडिया में ऐसे वीडियोज़ की बाढ़ सी आ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह परेशानी खासतौर पर फोन के सेंट्रल हिंज यानी मुड़ने वाले हिस्से के आसपास देखी जा रही है। इस प्रीमियम फोन की कीमत करीब 3 लाख से 4.5 लाख रुपये तक बताई जा रही है।
iPhone Duo की स्क्रीन में कहां आ रही है खराबी?
शिकायतों के अनुसार, iPhone Duo की इनर डिस्प्ले में सबसे ज्यादा समस्या उस हिस्से में आ रही है, जहां से फोन बीच में फोल्ड होता है। कुछ यूजर्स का दावा है कि फोन को पहली बार खोलने या इस्तेमाल करने के कुछ ही समय बाद स्क्रीन पर क्रैक दिखाई देने लगे। फोल्डेबल स्मार्टफोन में हिंज और स्क्रीन की मजबूती बेहद अहम होती है। ऐसे में महंगे डिवाइस की डिस्प्ले में शुरुआती दौर में इस तरह की शिकायतें सामने आना कंपनी के लिए चिंता का विषय बन सकता है। बता दें कि, एप्पल ने बड़े गाजे बाजे के साथ इस फोन को लॉन्च किया था। लेकिन इस तरह की शिकायत सामने आने से अब कंपनी की साख पर बट्टा लग रहा है।
Apple ने मानी समस्या, रिप्लेसमेंट का मिलेगा विकल्प
Apple ने सोमवार को स्वीकार किया कि iPhone Duo की कुछ यूनिट्स की इनर डिस्प्ले में समस्या सामने आई है। हालांकि, कंपनी के मुताबिक, यह खराबी सीमित संख्या में डिवाइस में देखी गई है। कंपनी ने प्रभावित ग्राहकों को फोन बदलने यानी रिप्लेसमेंट की सुविधा देने की बात कही है। इससे उन यूजर्स को राहत मिल सकती है, जिन्होंने महंगी कीमत पर यह फोन खरीदा है।
iPhone Duo की स्क्रीन खराब होने पर फ्री रिप्लेसमेंट कैसे मिलेगा?
अगर आपके iPhone Duo की इनर स्क्रीन में क्रैक, टूटने या किसी अन्य तरह की डिस्प्ले समस्या दिखाई देती है, तो AppleCare से संपर्क करें। कंपनी की सलाह है कि प्रभावित ग्राहक जल्द से जल्द रिप्लेसमेंट के लिए संपर्क करें। हालांकि, रिप्लेसमेंट की पात्रता और शर्तों की पुष्टि AppleCare से करना जरूरी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

