शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश चयनित शिक्षक अभ्यर्थी वर्ग-2 के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए सरकार ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है। माध्यमिक शिक्षा संचालनालय (DPI) ने आदेश जारी कर दिया है कि चयनित अभ्यर्थी 12 मई से 18 मई 2026 तक स्कूल चॉइस कर सकेंगे। साथ ही पात्र और अपात्र अभ्यर्थियों की सूची भी जल्द जारी करने की घोषणा की गई है।
प्रदर्शन के बाद सरकार का फैसला
भोपाल में अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के बाद सरकार ने 4000 माध्यमिक और प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का आदेश जारी किया है। हालांकि संगीत और नृत्य विषय की भर्ती पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है।
संगीत-नृत्य के 500 पदों पर होल्ड
माध्यमिक शिक्षक (गायन-वादन) और प्राथमिक शिक्षक (गायन-वादन एवं नृत्य) के लगभग 500 पदों की भर्ती फिलहाल रोक दी गई है। कारण यह है कि उत्तर प्रदेश की प्रयाग संगीत समिति द्वारा दिए गए डिप्लोमा को UGC से मान्यता प्राप्त नहीं है। करीब 100 अभ्यर्थियों ने प्रयाग संगीत समिति से डिप्लोमा प्राप्त किया है, जिसके चलते पूरे संगीत एवं नृत्य वर्ग की भर्ती पर ब्रेक लग गया है।
अगला कदम
DPI जल्द ही पात्र और अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी करेगा, जिसके बाद स्कूल चॉइस प्रक्रिया पूरी हो सकेगी। संगीत-नृत्य पदों पर होल्ड हटने के बाद इनकी भर्ती प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।


