रविंद्र भारद्वाज, रायबरेली. कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा का रायबरेली पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया. प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार अपनी विधानसभा रामपुर खास जा रहीं मिश्रा के स्वागत में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिला. सड़क मार्ग पर जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया और पार्टी के समर्थन में नारे लगाए. इस दौरान उनके पिता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी भी साथ मौजूद रहे.
स्वागत के बाद मीडिया से बातचीत में आराधना मिश्रा ने महिला सम्मान और कांग्रेस में महिलाओं की भागीदारी को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस में महिलाओं का सम्मान सुरक्षित है और पार्टी ने हमेशा महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम किया है. अपने संघर्ष का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “नारी हूं, लड़ सकती हूं और लड़कर दिखाऊंगी.”
इसे भी पढ़ें : Varanasi Air Show: कल एयर शो में PM मोदी, राजनाथ और CM योगी करेंगे शिरकत, देखें रूट डायवर्जन की पूरी लिस्ट
आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी आराधना मिश्रा ने बड़ा दावा किया. सीटों के बंटवारे से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी नजर सीटों के बंटवारे पर नहीं, बल्कि चुनाव के परिणाम पर है. उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा “हम लोग 2027 में सरकार बनाने जा रहे हैं.” उनके बयान से साफ है कि कांग्रेस नेतृत्व आगामी चुनाव को लेकर अभी से अपनी तैयारी और जीत के दावे को जनता के सामने रख रहा है. हालांकि, सरकार बनाने का दावा राजनीतिक विश्वास है; इसका अंतिम फैसला चुनाव में मतदाताओं के रुख से तय होगा.

