टुकेश्वर लोधी, आरंग। कभी-कभी गुस्से में लिया गया एक फैसला जिंदगी भर का दर्द दे जाता है। रायपुर जिले के आरंग में रविवार को ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां अपनी कार की मरम्मत को लेकर परेशान एक शख्स ने ऐसा कदम उठा लिया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। दो महीने से गैरेज में खड़ी अपनी कार के ठीक नहीं होने से नाराज युवक ने गुस्से में आकर वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। लेकिन आग लगाने के दौरान वह खुद भी उसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

narayana

2 महीने से गैरेज के चक्कर काट रहा था कार मालिक

जानकारी के मुताबिक, आरंग ब्लॉक कॉलोनी वार्ड क्रमांक-5 निवासी गालव सोनकर अपनी टाटा विस्टा कार में आई तकनीकी खराबी से लंबे समय से परेशान थे। कार को ठीक कराने के लिए उन्होंने करीब दो महीने पहले स्थानीय गैरेज में छोड़ा था। उन्हें उम्मीद थी कि कुछ दिनों में उनकी गाड़ी ठीक होकर वापस मिल जाएगी, लेकिन समय बीतता गया और वाहन जस का तस खड़ा रहा।

परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, गालव पिछले दो महीनों से लगातार गैरेज के चक्कर लगा रहे थे। हर बार उन्हें जल्द काम पूरा होने का भरोसा दिया जाता था, लेकिन कार की मरम्मत शुरू तक नहीं हुई। कई बार पूछने के बावजूद जब कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो उनकी नाराजगी बढ़ती चली गई। आखिरकार रविवार को उनका धैर्य जवाब दे गया।

गैरेज के सामने फूटा गुस्सा, कार पर पेट्रोल उड़ेलकर लगाई आग

बताया जा रहा है कि गालव सोनकर सीधे गैरेज पहुंचे। वहां खड़ी अपनी कार को देखकर उनका गुस्सा और बढ़ गया। कुछ देर तक गैरेज संचालक से बहस हुई। इसके बाद उन्होंने पेट्रोल की व्यवस्था की और अपनी ही कार पर छिड़क दिया। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले उन्होंने आग लगा दी।

खुद भी गंभीर रूप से झुलसा

आग लगते ही कार धू-धू कर जलने लगी। कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन आग की लपटों से घिर गया। काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। घटना स्थल पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। इसी दौरान आग की तेज लपटों ने गालव सोनकर को भी अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते उनका शरीर बुरी तरह झुलस गया।

स्थानीय लोगों ने बचाई जान, अस्पताल में इलाज जारी

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दौड़कर आग बुझाने और घायल को बचाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार लगभग पूरी तरह जल चुकी थी। लोगों ने गंभीर रूप से घायल गालव को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। उनकी हालत को लेकर डॉक्टर लगातार निगरानी रखे हुए हैं।

कबाड़ में बदली कार

इस घटना के बाद पूरे आरंग क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। लोग हैरान हैं कि एक कार की मरम्मत में देरी ने किस तरह एक व्यक्ति को इतना आक्रोशित कर दिया कि उसने अपनी ही मेहनत की कमाई से खरीदी गई गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। हालांकि इस फैसले का सबसे बड़ा नुकसान खुद उसे ही उठाना पड़ा, क्योंकि कार के साथ-साथ वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल घटना के बाद इलाके में सनसनी का माहौल है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H