आरंग, टुकेश्वर लोधी। आरंग क्षेत्र के कुरूद स्थित रेत खदान में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का कारोबार धड़ल्ले से जारी है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के सख्त प्रतिबंधों और बीते दिनों खदान के विरोध में ग्रामीणों द्वारा की गई भारी जनसुनवाई के बावजूद, रात के समय मशीनों का शोर थमने का नाम नहीं ले रहा है।

2 जेसीबी, दर्जनों ट्रैक्टर और हाइवा तैनात
मिली जानकारी और मौके से सामने आए वीडियो के मुताबिक, रात के अंधेरे में महानदी से लगातार रेत निकाले जाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि मौके पर दो जेसीबी मशीनों के साथ दर्जनों ट्रैक्टर और हाइवा वाहन लगाए गए हैं। आरोप है कि ट्रैक्टरों के जरिए नदी से रेत निकालकर एक जगह जमा की जाती है, जिसके बाद जेसीबी की मदद से रेत को सीधे हाइवा वाहनों में लोड कर परिवहन किया जा रहा है। इस पूरी गतिविधि में कुछ स्थानीय ग्रामीणों और ट्रैक्टर मालिकों की संलिप्तता की बात भी सामने आ रही है।

15,000 रुपये प्रति हाइवा का खेल
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अवैध रूप से लोड किए जा रहे प्रति हाइवा वाहन के लिए लगभग 15,000 रुपये की दर से वसूली की जा रही है। कुरूद रेत खदान की बारीक रेत की मांग बाजार में काफी अधिक है, जिसके कारण यहां से निकाली गई रेत रायपुर के अलावा बेमेतरा, कवर्धा और दूर-दराज के जिलों तक अवैध रूप से सप्लाई की जा रही है।
आपको बता दें कि बीते दिनों कुरूद में रेत खदान के संचालन को लेकर आयोजित जनसुनवाई में स्थानीय ग्रामीणों ने जमकर विरोध जताया था। हालांकि, अवैध उत्खनन और परिवहन में स्थानीय ट्रैक्टर मालिकों व ग्रामीणों की संलिप्तता के कारण रात भर भारी वाहनों और मशीनों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे क्षेत्र में कभी भी किसी अप्रिय घटना या बड़ी दुर्घटना होने की गंभीर आशंका बनी हुई है।
देखें VIDEO
प्रशासन बेखबर या मौन..?
बताया जा रहा है कि पिछले कई घंटों से रेत का यह अवैध खेल लगातार जारी है, लेकिन अब तक जिम्मेदार अधिकारियों या खनिज विभाग तक इसकी सूचना और कार्रवाई नहीं पहुंच पाई है। रात के सन्नाटे में हो रहे इस बड़े अवैध उत्खनन से शासन को लाखों रुपये के राजस्व का चूना लग रहा है।
अब देखना यह होगा कि वीडियो और जानकारी सामने आने के बाद जिला प्रशासन और संबंधित विभाग इस पर क्या कदम उठाता है..???
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

