अररिया। जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मां ने अपने दामाद के साथ अवैध संबंधों के चलते अपनी 16 वर्षीय बेटी साजिदा परवीन की जान ले ली। प्रेम नगर (वार्ड संख्या 16) में हुई इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
शादी की आड़ में चल रहा था अवैध रिश्ता
मृतका के पिता मुदशीर के अनुसार, उनकी पत्नी शाइस्ता परवीन (45) और दामाद अब्बू नसर (35) के बीच पिछले पांच वर्षों से अवैध संबंध थे। अपने इस रिश्ते को निर्बाध जारी रखने के लिए मां ने साजिश रची और साजिदा की मर्जी के खिलाफ डेढ़ साल पहले उसकी शादी अब्बू नसर से करवा दी। साजिदा उम्र के इस फासले के कारण शादी नहीं करना चाहती थी लेकिन मां ने पैसों और भविष्य का झांसा देकर उसे मजबूर किया।
सच सामने आते ही बनी मौत की वजह
शादी के बाद भी सास और दामाद का प्रेम प्रसंग जारी रहा। साजिदा ने एक दिन अपनी मां और पति को एक साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया। इसके बाद घर में विवाद बढ़ गया। साजिदा ने अपने पति और मां के रिश्ते का कड़ा विरोध शुरू किया और उनसे अलग रहने की जिद की। यही विरोध उसके लिए जानलेवा साबित हुआ।
इलाज के बहाने ले जाकर उतारा मौत के घाट
साजिदा के पिता ने बताया कि सोमवार रात शाइस्ता ने नाटक किया कि बेटी की तबीयत खराब है। वह अब्बू नसर के साथ साजिदा को बाइक पर बैठाकर ले गई। रास्ते में उसके साथ मारपीट की गई जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी उसे घर वापस लाए और मृत घोषित कर दिया। दोनों साजिदा को जल्दी दफनाने की फिराक में थे ताकि सबूत मिटा सकें, लेकिन पिता को शक हो गया और उन्होंने पुलिस को सूचित किया।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही आरएस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अंकुर कुमार ने पुष्टि की कि दोनों आरोपियों मां शाइस्ता परवीन और पति अब्बू नसर को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में अवैध संबंधों की बात सच पाई गई है। फिलहाल दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है।

