​अररिया। जिले के भरगामा प्रखंड के सिरसिया हनुमानगंज में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। धान की रोपनी करने जा रहे मजदूरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पानी से भरे 10 फीट गहरे गड्ढे में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 3 महिलाओं की मौत हो गई जबकि 24 अन्य मजदूर घायल हो गए। मृतकों की पहचान मीरा देवी, नैना देवी और रंजू देवी के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच थी।

​गड्ढे में दबने से गई जान

​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ। ट्रैक्टर में कुल 27 मजदूर सवार थे। हनुमानगंज वार्ड संख्या-14 के पास मोड़ पर अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ा और वह सीधे पानी भरे गहरे गड्ढे में जा गिरा। गाड़ी पलटते ही 8 से 10 महिलाएं ट्रैक्टर के नीचे दब गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कुछ देर तक महिलाएं मदद के लिए चिल्लाती रहीं लेकिन पानी के दबाव और ट्रैक्टर के वजन के कारण उनकी आवाज धीरे-धीरे शांत हो गई। दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि तीसरी महिला की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।

​नाबालिग चला रहा था पुरानी ट्रैक्टर-ट्रॉली

​स्थानीय निवासियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि ट्रैक्टर काफी पुराना (लगभग 10 साल) था। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि उस समय वाहन को ट्रैक्टर मालिक खट्टर राय का नाबालिग बेटा अंश राय चला रहा था। चश्मदीदों के मुताबिक, चालक को गाड़ी चलाने का पर्याप्त अनुभव नहीं था। बावजूद इसके मालिक ने उसे गाड़ी देने का जोखिम उठाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह चलने से पहले भी कुछ मजदूरों ने लड़के से गाड़ी चलाने को लेकर संशय जताया था लेकिन मालिक ने यह कहकर टाल दिया कि खेत पास में ही है।

​प्रशासन की लापरवाही और गड्ढे का खतरा

​हादसे का एक बड़ा कारण सड़क किनारे बना गहरा गड्ढा है। स्थानीय लोगों के अनुसार वहां से मिट्टी की अवैध खुदाई की जा रही थी जिससे वह स्थान खतरनाक गड्ढे में तब्दील हो गया। हाल ही में हुई बारिश के कारण इसमें पानी भर गया था, जिसने मौत का जाल बुन दिया। घटना की सूचना मिलते ही भरगामा पुलिस अंचलाधिकारी और बीडीओ मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरगामा ले जाया गया। पुलिस अब ट्रैक्टर मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।