बीजेपी की नई प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कार्यकर्ताओं संग बैठक कर संगठन विस्तार और जनहित कार्यों को प्राथमिकता देने पर चर्चा की।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने प्रदेशाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद अपने निवास स्थान पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ पहली बैठक की। बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, जनसेवा के कार्यों को गति देने तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं से आत्मीय भेंट भी हुई और विभिन्न विषयों पर सार्थक संवाद स्थापित किया गया।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने अपने निवास पर शुभकामनाएं देने पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं प्रदेशवासियों के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की निष्ठा और सक्रियता से ही संभव है तथा सभी को मिलकर जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाना होगा।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और जनता के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई। प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद आयोजित इस पहली बैठक को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

