हर्षराज गुप्ता, खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के कसरावद थाना क्षेत्र अंतर्गत भीलगांव में एक बड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया है। 16 मार्च की शाम उद्योगपति और किसान कारोबारी दिलीप सिंह राठौर के घर के बाहर तीन बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
READ MORE: लिव-इन पार्टनर ने की थी हत्या: दूसरी युवती से सगाई के बाद प्रेमी ने रची खौफनाक साजिश, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
घटना के समय दिलीप राठौर और उनका परिवार इंदौर में था, जिसके कारण घर पर कोई नहीं था। फायरिंग के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पुत्र सत्येंद्र राठौर ने कसरावद थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिस पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है और एहतियाती तौर पर बल तैनात किया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने इस घटना की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया है कि उन्होंने दिलीप राठौर से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। पोस्ट में ‘हैरी बॉक्सर’ नाम से जुड़े व्यक्ति का जिक्र है, जिसके नाम पर धमकी दी गई है। गैंग ने जान से मारने की भी धमकी दी है।
READ MORE: ऐतिहासिक धार भोजशालाः इंदौर हाईकोर्ट के प्रतिनिधिमंडल ने हाई सिक्योरिटी के साथ किया अवलोकन
एडिशनल एसपी शकुंतला रुहल ने गुरुवार को मीडिया को बताया कि घटना की पुष्टि हो चुकी है। साइबर सेल टीम सोशल मीडिया पोस्ट और वायरल वीडियो की जांच में जुटी हुई है। यह पता लगाया जा रहा है कि पोस्ट असली है या फर्जी, और गैंग से जुड़े तार कितने मजबूत हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है और संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

