कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़ : भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने मंगलवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से उनके आवास संत कबीर कुटीर में मुलाकात की। सेना प्रमुख बनने के बाद जनरल धीरज सेठ की मुख्यमंत्री सैनी के साथ यह पहली मुलाकात रही। दोनों के बीच सिविल-मिलिट्री समन्वय (Civil-Military Coordination) मजबूत करने के साथ-साथ राष्ट्रीय और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में पश्चिमी कमान के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह सहित सेना मुख्यालय और हरियाणा सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का समन्वय कर्नल जसदीप संधू, सलाहकार, सिविल-मिलिट्री अफेयर्स एवं आईटी ने किया।
अग्निवीरों के रोजगार और पूर्व सैनिकों के कल्याण पर चर्चा
बैठक में अग्निवीरों के लिए सेना से सेवा पूरी करने के बाद रोजगार के अवसर, पूर्व सैनिकों के पुनर्वास और उनके परिवारों के कल्याण से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा युवाओं को सशक्त बनाने और उनके लिए नए अवसर पैदा करने में सेना और राज्य सरकार के बीच बेहतर तालमेल पर भी जोर दिया गया।
दोनों पक्षों ने आंतरिक सुरक्षा, आवास परियोजनाओं, आत्मनिर्भरता की पहल और सैन्य परिचालन तैयारियों जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया। प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में बेहतर तैयारी और राहत एवं बचाव कार्यों के दौरान प्रभावी प्रतिक्रिया को लेकर भी चर्चा हुई।
हरियाणा के सैनिकों और खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा का सशस्त्र बलों के साथ लंबे समय से गहरा रिश्ता रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सेवारत सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक के दौरान भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे हरियाणा के खिलाड़ियों के खेलों में शानदार प्रदर्शन की भी सराहना की गई।
वहीं, जनरल धीरज सेठ ने पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए हरियाणा सरकार की ओर से किए जा रहे सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने पूर्व सैनिकों की सेवानिवृत्ति के बाद पुनर्वास और स्थायी बसाव के लिए नए अवसर तलाशने पर भी चर्चा की।
- पेंशन अपडेट और टैक्स में छूट का झांसा: रिटायर्ड कर्मचारी से 6 लाख की ठगी, 1500 किलोमीटर दूर बिहार पहुंची देवास पुलिस, आरोपी गिरफ्तार
- भगवंत मान के बचपन के दोस्त ने छोड़ी AAP, कांग्रेस में हुए शामिल; पंजाब की सियासत में मची हलचल
- छोटे बच्चों की पढ़ाई से खिलवाड़ पर HC गंभीर: ग्वालियर खंडपीठ ने स्कूल स्थानांतरण के सभी दस्तावेज और नीतिगत आधार किए तलब
- Kim Jong Un ने दिखाई उत्तर कोरिया की सबसे घातक परमाणु मिसाइल ! Hwasong-20 से अमेरिका तक निशाना साधने का दावा
- होलकर कॉलेज में छात्र संगठन की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल! छात्रों की बिगड़ी तबीयत, 4 मांगों पर अड़े, निलंबित विद्यार्थियों की बहाली से लेकर पिछला गेट खोलने तक की मांग

