चरखी दादरी। हरियाणा के चरखी दादरी जिले के कासनी गांव निवासी सेना के हवलदार रवि प्रकाश का बेंगलुरु में निधन हो गया। मंगलवार सुबह फिजिकल ट्रेनिंग के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। परिजनों के मुताबिक, रवि की मौत हार्ट फेल होने से हुई।

रवि प्रकाश वर्ष 2015 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती राष्ट्रीय राइफल्स की 54वीं बटालियन में कश्मीर में थी। प्रमोशन कोर्स के लिए वह कुछ समय से बेंगलुरु में थे।
पीटी के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार सुबह रवि ग्राउंड में फिजिकल ट्रेनिंग कर रहे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
रवि के पिता श्रीकृष्ण सांगवान ने बताया कि करीब दो महीने पहले उनका बेटा घर से ड्यूटी के लिए निकला था। फिलहाल वह बेंगलुरु में प्रमोशन कोर्स कर रहा था। मंगलवार को ट्रेनिंग का आखिरी दिन था।
एक दिन पहले पत्नी और बेटे से की थी वीडियो कॉल
रवि के पिता ने बताया कि सोमवार रात उन्होंने पत्नी, बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों से वीडियो कॉल पर बात की थी। बातचीत में रवि ने कहा था कि ट्रेनिंग पूरी होने के बाद वह हवलदार बन जाएगा और फिर घर लौटेगा।
परिवार को क्या पता था कि यह बातचीत रवि के साथ आखिरी बातचीत साबित होगी। अगले ही दिन ट्रेनिंग के दौरान उनकी मौत की खबर घर पहुंच गई।
पीछे रह गए पत्नी और 8 साल का बेटा
रवि प्रकाश के परिवार में उनकी पत्नी सुनीता और 8 वर्षीय बेटा देव है। उनकी पत्नी गृहिणी हैं। पिता श्रीकृष्ण सांगवान खेती करते हैं, जबकि मां नीलम गृहिणी हैं। रवि का बड़ा भाई दिनेश खेती-बाड़ी करता है। उनकी बड़ी बहन प्रीति शादीशुदा हैं।
सैन्य सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
सेना की ओर से रवि प्रकाश का पार्थिव शरीर बेंगलुरु से उनके पैतृक गांव कासनी लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परिजनों के मुताबिक, देर शाम तक शव गांव पहुंचने की संभावना है। इसके बाद सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


