जम्मू में एक सेना अधिकारी की पत्नी के खिलाफ कथित जासूसी के मामले में केस दर्ज किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, महिला ने ChatGPT और Claude जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स की मदद से राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा और भू-राजनीति से जुड़े संवेदनशील विषयों पर रिसर्च नोट्स तैयार किए थे। जांच एजेंसियों को संदेह है कि ये दस्तावेज चीनी खुफिया एजेंसियों से जुड़े लोगों के लिए तैयार किए जा रहे थे। हालांकि, मामले में आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर रोकी गई महिला

अधिकारियों के अनुसार, 14 अक्टूबर को खुफिया एजेंसी और पुलिस की संयुक्त टीम ने महिला को जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर रोका। वह पठानकोट जाने वाली ट्रेन में सवार होने वाली थी। पूछताछ के लिए उसे नजदीकी सैन्य स्टेशन ले जाया गया। उसका मोबाइल फोन जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। फिलहाल उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है।

LoC, अरुणाचल और ड्रोन तैनाती पर रिसर्च का आरोप

जांच अधिकारियों के मुताबिक, महिला को सुरक्षा, रक्षा और रणनीतिक मामलों पर पेपर तैयार करने का काम दिया गया था। इनमें नियंत्रण रेखा (LoC) की स्थिति, अरुणाचल प्रदेश में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और ड्रोन तैनाती जैसे विषय शामिल थे।

प्रारंभिक जांच में फोन से भारत-चीन संबंधों, भारत-रूस रक्षा समझौते, भारत-इटली रक्षा बैठक, सेना प्रमुख की अमेरिका यात्रा और अरुणाचल प्रदेश की जलविद्युत परियोजनाओं से जुड़े दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है।

UN इंटर्नशिप और विदेशी संपर्कों की भी जांच

महिला तेलंगाना की रहने वाली है और फ्रीलांस रिसर्चर के तौर पर काम करती है। उसने जिनेवा में यूरोपियन एंड इंटरनेशनल गवर्नेंस तथा बेंगलुरु में इंटरनेशनल रिलेशंस की पढ़ाई की थी। अधिकारियों के अनुसार, उसने संयुक्त राष्ट्र (UN) में इंटर्नशिप भी की थी।

जांच एजेंसियां उसके विदेशी संपर्कों, कथित चीनी खुफिया नेटवर्क से संबंधों और डिजिटल गतिविधियों की पड़ताल कर रही हैं। साथ ही, उसके वित्तीय लेनदेन की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संवेदनशील जानकारी साझा की गई थी या नहीं और इसके पीछे क्या उद्देश्य था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m