दीपक भारद्धाज, पानीपत। दिल्ली से अंबाला जा रही सेना की एक गाड़ी शुक्रवार को मनाना गांव के पास हादसे का शिकार हो गई। ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान मिलिट्री वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और पलट गया। हादसे में मेजर यतिन और ड्राइवर जतिन घायल हो गए, जबकि गनमैन अक्षय बाल-बाल बच गया। घायलों को तुरंत सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेजर यतिन को रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। डीएसपी हेडक्वार्टर सतीश कुमार ने बताया कि आर्मी की गाड़ी दिल्ली से अंबाला जा रही थी।
मनाना के पास ट्रक को ओवरटेक करते समय वाहन डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया। गाड़ी में कुल तीन अधिकारी सवार थे, जिनमें एक को चोटें आई हैं जबकि बाकी सुरक्षित हैं। फिलहाल सेना की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

