अजय सैनी भिवानी। भिवानी- जींद रोड (एनएच-709ए) पर स्थित गांव तिगड़ाना से धनाना मोड़ के बीच पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचाने और सरकारी राजस्व को चूना लगाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। पूर्व जिला पार्षद ईश्वर सिंह मान ने इस संबंध में भिवानी के उपायुक्त व वन विभाग को एक लिखित शिकायत सौंपकर तुरंत उचित कानूनी कार्रवाई और आंधी-तूफान से पड़े हरे पेड़ों की अवैध कटाई व आगजनी पर रोक लगाने की मांग की है।


पूर्व जिला पार्षद पार्षद ईश्वर मान ने अपनी शिकायत में बताया कि बीते दिनों आई आंधी-तूफान के कारण गांव तिगड़ाना से धनाना जाने वाले मार्ग (वाया जींद रोड एनएच-709ए) पर सडक़ के दोनों तरफ हजारों की संख्या में सफेदे और अन्य प्रजातियों के हरे-भरे पेड़ गिरे हुए हैं। इन पेड़ों की लंबाई लगभग 100-100 फीट है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से कुछ असामाजिक तत्वों और भू-माफियाओं द्वारा इन हरे-भरे पेड़ों को नष्ट करने के लिए आग भी लगा दी गई है, जिससे आधे से ज्यादा पेड़ जलकर खाक हो चुके हैं। मान ने कहा कि यह सीधे तौर पर पर्यावरण पर हमला और सरकारी संपत्ति की नुकसान पहुंचाना है। तिगड़ाना-धनाना रोड पर जो सफेदे के विशाल पेड़ लगे हैं, वे हमारी हरी-भरी धरोहर हैं।


ईश्वर मान ने चेतावनी देते हुए कहा कि इन जलते और सडक़ पर गिरते पेड़ों के कारण यहां से गुजरने वाले राहगीरों, वाहन चालकों और विशेषकर किसानों के लिए हर समय एक बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है। कभी भी किसी की जान जा सकती है। इससे न केवल पर्यावरण को अपूरणीय क्षति हुई है, बल्कि सरकार के राजस्व को भी लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाया गया है।

मान ने अपनी शिकायत में इस बात पर भी गहरी चिंता जताई गई है कि इतनी बड़ी तादाद में आगजनी होने के बावजूद स्थानीय प्रशासन और वन विभाग पूरी तरह से बेखबर बना हुआ है। ईश्वर मान ने कहा कि यह वन विभाग की लापरवाही को दर्शाता है, जिसके कारण राष्ट्रीय राजमार्ग और लिंक रोड के किनारे की हरित पट्टी को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।


उन्होंने उपायुक्त व वन विभाग अधिकारियों से मांग की कि धनाना मार्ग पर चल रही पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने, सरकारी संपत्ति को आग लगाने और राजस्व को चपत लगाने वाले दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी मामला दर्ज किया जाए, सडक़ पर गिरने की कगार पर पहुंच चुके अधजले पेड़ों को सुरक्षित तरीके से हटाया जाए ताकि किसानों और राहगीरों के साथ कोई दुर्घटना न हो।