सिद्धार्थ शरद, वैशाली। अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली से एक बेहद ही चिंताजनक खबर सामने आई है, जहां बादल फटने की घटना के बाद पांच अग्निवीर जवान लापता हो गए हैं। लापता जवानों में हाजीपुर के सैदपुर रजौली गांव के रहने वाले अग्निवीर आदित्य कुमार भी शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार कुल 7 जवान लापता हुए थे, जिनमें से दो को सुरक्षित निकाल लिया गया है। वहीं, 5 जवानों की तलाश अभी भी जारी है।

2005 में भर्ती हुए थे आदित्य कुमार

बताया जा रहा है कि आदित्य कुमार ने वर्ष 2025 में अग्निवीर के रूप में सेना ज्वाइन की थी और उनकी ड्यूटी अरुणाचल प्रदेश में लगी हुई थी। इसी क्रम में 14 अगस्त की शाम करीब पांच बजे उनके कैंप के आसपास बादल फटने की घटना हुई। इसके बाद आदित्य कुमार समेत चार अन्य अग्निवीर जवानों के लापता होने की जानकारी सामने आई।

5 दिन बाद भी कुछ पता नहीं चला, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

घटना के बाद से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन पांच दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक पांचों जवानों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। जवानों के लापता होने की खबर के बाद उनके परिवार में मातम और बेचैनी का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और सभी को अपने लाल की सुरक्षित वापसी का इंतजार है।

परिजनों को सुरक्षित लौटने की आस

परिजनों ने प्रशासन और रक्षा मंत्री से अपील की है कि रेस्क्यू ऑपरेशन को और तेज किया जाए तथा लापता पांचों अग्निवीर जवानों की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किया जाए। परिवार वालों को उम्मीद है कि सेना और प्रशासन के प्रयासों से जल्द ही आदित्य कुमार समेत सभी जवानों का पता लगाया जाएगा और उनकी सुरक्षित वापसी होगी।

ये भी पढ़ें- ​AK-47 वाली सरकार बन गई है… तेजस्वी का संदेश लेकर जेपी गोलंबर पर गरजे राजद महासचिव