दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) पर निशाना साधा है। केजरीवाल ने कहा कि देश में जल्द एक मजबूत प्रधानमंत्री होगा, जो भारतीयों की मौत और अपमान का जवाब देगा। केजरीवाल ने दावा किया कि मौजूदा घटनाओं को लेकर देश के लोगों में गुस्सा है। उन्होंने कहा, “आज पूरे देश का खून खौल रहा है। लोग बहुत ज्यादा गुस्से में हैं।” आप संयोजक ने आरोप लगाया कि ट्रंप से जुड़ी घटनाओं में भारतीयों की मौत हुई, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से इस पर कोई कड़ा बयान नहीं आया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस मुद्दे पर एक शब्द भी नहीं बोला।

‘ट्रंप ने 3 बार हमला किया, मोदी जी चुप रहे’

केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक वीडियो में कहा कि 8 जून, 10 जून और 11 जून को ट्रंप की ओर से हमले किए गए, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने कहा, “8 जून को हमला किया, प्रधानमंत्री जी चुप रहे। 10 जून को हमला किया, मोदी जी चुप रहे। 11 जून को हमला किया, मोदी जी चुप रहे।” केजरीवाल ने आगे कहा कि 10 जून को ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने के लिए बधाई दी और प्रधानमंत्री ने इसके जवाब में उन्हें धन्यवाद कहा।

एक वीडियो संदेश में केजरीवाल ने कहा, “प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं आपके साथ मिलकर आगे काम करना चाहता हूं। आप एक हत्यारे के साथ काम क्यों करना चाहते हैं? जिस आदमी ने तीन भारतीय लोगों का मर्डर किया। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि जब विदेश मंत्री ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात की तो इसके बाद भी अमेरिका की ओर से कथित तौर पर धमकी दी गई। केजरीवाल ने कहा कि अमेरिका ने खेद या अफसोस जताने के बजाय भारत को परिणाम भुगतने की बात कही। केजरीवाल ने केंद्र सरकार से इस मामले में कड़ा रुख अपनाने की मांग की और कहा कि देश की गरिमा और भारतीयों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से जवाब दिया जाना चाहिए।

अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए केंद्र सरकार की विदेश नीति को लेकर सवाल उठाए हैं। केजरीवाल ने एक वीडियो संदेश जारी कर आरोप लगाया कि भारतीयों से जुड़े मुद्दों पर सरकार ने मजबूती से जवाब नहीं दिया। वीडियो में केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी को संबोधित करते हुए कहा, “मोदी जी आप ट्रंप के सामने इतने मजबूर क्यों हैं? ट्रंप के सामने आपने पूरे देश की नाक कटा दी।” उन्होंने सवाल किया कि अगर रूस, चीन या ईरान के किसी नागरिक के साथ ऐसी घटना होती तो क्या वहां की सरकार चुप रहती? केजरीवाल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री की चुप्पी को लेकर सवाल उठ रहे हैं और सरकार को इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि “देश के अंदर बहुत जल्द एक मजबूत प्रधानमंत्री होगा” और भारतीयों के अपमान व मौत से जुड़े मामलों में जवाब दिया जाएगा। आप नेता ने कहा कि देश के 140 करोड़ लोग कमजोर नहीं हैं और सरकार की चुप्पी के बावजूद लोग अपनी आवाज उठाएंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m