आम आदमी पार्टी (AAP) की नई गठित नेशनल काउंसिल की बुधवार को बैठक हुई। बैठक में 330 सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस दौरान एक बार फिर पार्टी की कमान अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) को सौंप दी गई। केजरीवाल को चौथी बार आम आदमी पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक चुना गया। बैठक में पार्टी संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। पंकज गुप्ता को राष्ट्रीय सचिव चुना गया, जबकि एनडी गुप्ता कोषाध्यक्ष के पद पर बने रहेंगे। बैठक के दौरान पार्टी की 23 सदस्यीय नई नेशनल कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ पार्टी ने अपने संगठनात्मक ढांचे को भी नया रूप दिया है।

अरविंद केजरीवाल को फिर सौंपी गई कमान

आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, बुधवार को आम आदमी पार्टी (AAP) की राष्ट्रीय परिषद की बैठक हुई। इसमें अरविंद केजरीवाल को सर्वसम्मति से एक बार फिर पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक चुना गया। बैठक में राष्ट्रीय परिषद के 330 सदस्यों ने हिस्सा लिया। केजरीवाल के चौथी बार राष्ट्रीय संयोजक चुने जाने के साथ पार्टी की शीर्ष संगठनात्मक जिम्मेदारी एक बार फिर उनके हाथों में आ गई है। इस दौरान पार्टी नेताओं और सदस्यों ने संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की। AAP के नेशनल मीडिया इंचार्ज अनुराग ढांडा ने अरविंद केजरीवाल को दोबारा पार्टी का नेशनल कन्वीनर यानी राष्ट्रीय संयोजक चुने जाने पर बधाई दी।

एनडी गुप्ता कोषाध्यक्ष और पंकज गुप्ता राष्ट्रीय सचिव

AAP के नेशनल मीडिया इंचार्ज अनुराग ढांडा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि पार्टी की नई गठित नेशनल काउंसिल ने सर्वसम्मति से अरविंद केजरीवाल को फिर से राष्ट्रीय संयोजक चुना है। उन्होंने केजरीवाल को बधाई देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में पार्टी हर संघर्ष के लिए तैयार है। बैठक में संगठन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण फैसले भी सर्वसम्मति से लिए गए। एनडी गुप्ता कोषाध्यक्ष के पद पर बने रहेंगे, जबकि पंकज गुप्ता को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी जारी रखने का फैसला किया गया है।

नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में इन नेताओं को जगह

राष्ट्रीय परिषद की बैठक में अरविंद केजरीवाल समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने सदस्यों को भविष्य की रणनीति को लेकर मार्गदर्शन दिया। बैठक के दौरान 23 सदस्यीय नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी के गठन की भी जानकारी दी गई। पार्टी की ओर से जारी सूची के मुताबिक, नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अरविंद केजरीवाल, आतिशी, आदिल अहमद खान, अनुराग ढांडा, भगवंत मान, दिलीप पांडेय, दुर्गेश पाठक, गोपाल इटालिया, गोपाल राय, रानी अग्रवाल, हरपाल सिंह चीमा, मनीष सिसोदिया, मोहम्मद इरशाद, एनडी गुप्ता और पंकज गुप्ता को शामिल किया गया है।

इन्हें भी कार्यकारिणी में मिली जगह

AAP की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में प्रीति शर्मा मेनन, पृथ्वी रेड्डी, राखी बिड़ला, विभव, संजय सिंह, सत्येंद्र जैन, शैली ओबेरॉय और राजबीर को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा पार्टी ने पांच विशेष आमंत्रित सदस्यों का भी चयन किया है। इनमें अजय दत्त, चैतर वसावा, इमरान हुसैन, मेहराज मलिक और वेंजी वीगास शामिल हैं।

2012 में हुई थी शुरुआत, 2013 में लड़ा पहला चुनाव

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी की स्थापना 26 नवंबर 2012 को अरविंद केजरीवाल और उनके सहयोगियों ने की थी। पार्टी से जुड़े कई नेता मजबूत लोकपाल कानून की मांग को लेकर चलाए गए भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से जुड़े रहे थे। इसके बाद 2013 में चुनाव आयोग ने आम आदमी पार्टी को राजनीतिक दल के रूप में मान्यता दी। इसी साल AAP ने पहली बार दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ा। पार्टी के तत्कालीन प्रमुख चेहरों में शामिल अरविंद केजरीवाल ने नई दिल्ली विधानसभा सीट से तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को हराकर चुनाव में अपनी पहली बड़ी राजनीतिक जीत दर्ज की थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m