राहुल गांधी के ‘टाटा-बाय-बाय’ वाले बयान पर डॉ. अरविंद शर्मा का पलटवार, बोले- विपक्ष का लक्ष्य सिर्फ सत्ता हासिल करना

झज्जर। हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भाजपा और आरएसएस के सिस्टम को खत्म कर टाटा-बाय-बाय करने के बयान पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम केवल भ्रम फैलाना रह गया है और उसका पूरा ध्यान किसी भी तरह सत्ता हासिल करने पर केंद्रित है।

डॉ. शर्मा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और विपक्षी दलों को युवाओं की कोई चिंता नहीं है। उनकी राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने तक सीमित है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को यदि कोई वास्तविक सम्मान और अवसर दे रहा है तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी लगातार युवाओं को आगे बढ़ाने, उनकी भागीदारी बढ़ाने और उन्हें राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने हाल ही में युवाओं से यह भी कहा है कि केवल सवाल पूछना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समस्याओं के समाधान भी सुझाने चाहिए। डॉ. शर्मा के अनुसार, यही सकारात्मक और रचनात्मक राजनीति की पहचान है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री युवाओं का सम्मान करते हैं और उन्हें देश की सबसे बड़ी ताकत मानते हैं। वहीं, विपक्ष का पूरा ध्यान सत्ता हासिल करने की राजनीति पर है और वह जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहा है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि देश की जनता विकास और स्थिरता की राजनीति का समर्थन कर रही है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल राजनीतिक बयानबाजी से जनता का विश्वास हासिल नहीं किया जा सकता।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m