कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। प्रधानमंत्री Narendra Modi की पर्यावरण संरक्षण, फिटनेस और ईंधन बचत को लेकर की गई अपील का असर अब भाजपा नेताओं की कार्यशैली में भी दिखाई देने लगा है। इसी कड़ी में हरियाणा सरकार के सहकारिता मंत्री Arvind Sharma गुरुवार को पंचकूला स्थित Bharatiya Janata Party के प्रदेश कार्यालय पंचकमल में आयोजित निकाय चुनाव सम्मान समारोह में साइकिल चलाकर पहुंचे। मंत्री का यह अंदाज कार्यक्रम में चर्चा का विषय बना रहा।

पंचकमल में आयोजित समारोह में निकाय चुनाव में जीत दर्ज करने वाले नवनिर्वाचित मेयर और चेयरमैन का सम्मान किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini, भाजपा प्रदेश प्रभारी Satish Poonia और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष Mohan Lal Badoli भी मौजूद रहे। इस दौरान डॉ. अरविंद शर्मा का साइकिल से पहुंचना केवल व्यक्तिगत पहल नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे फिट इंडिया, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के संदेश को व्यवहार में उतारने के रूप में देखा जा रहा है।
भाजपा लगातार यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि सरकार और संगठन केवल योजनाओं और घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जनहित से जुड़े अभियानों को खुद अपनाकर उदाहरण भी प्रस्तुत कर रहे हैं।

राजनीतिक तौर पर भी इस कदम को अहम माना जा रहा है, क्योंकि निकाय चुनावों में जीत के बाद आयोजित सम्मान समारोह में साइकिल से पहुंचकर मंत्री ने कार्यकर्ताओं और आमजन को सादगी, अनुशासन और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देने का प्रयास किया।


प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित यह समारोह संगठनात्मक एकजुटता और “ट्रिपल इंजन सरकार” के संदेश को भी मजबूत करने वाला माना जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री Bhupinder Singh Hooda के गढ़ में भाजपा की जीत के बाद आयोजित इस कार्यक्रम में नगर पालिका सांपला के नवनिर्वाचित चेयरमैन Praveen Koch भी डॉ. अरविंद शर्मा के साथ साइकिल चलाते नजर आए।