हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर में दूषित पानी पीने से हुई 35 लोगों की मौत का मामला अब पूरी तरह सियासी जंग में बदल गया है। इस दर्दनाक घटना को लेकर कांग्रेस ने कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर बेहद तीखा हमला बोला है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता अमित चौरसिया का कहना है कि जिन लोगों ने अपने परिवार के सदस्य खो दिए, उनके घरों में मातम पसरा है, लेकिन मंत्री विजयवर्गीय मानो इस त्रासदी को भूलकर उत्सव मनाने में व्यस्त हैं।

दूषित पानी के कारण 35 लोगों की जान चली गई थी

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कैलाश विजयवर्गीय के विधानसभा क्षेत्र में दूषित पानी के कारण 35 लोगों की जान चली गई, लेकिन मंत्री की ओर से संवेदनशीलता दिखाई देने के बजाय उल्टे-सीधे बयान सामने आए। कांग्रेस का कहना है कि होली पर मंत्री को पीड़ित परिवारों के घर जाना चाहिए था, उनके दुख में शामिल होना चाहिए था, लेकिन ऐसा कहीं नजर नहीं आया। कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा कि होली का त्योहार भी बीत गया, लेकिन कैलाश विजयवर्गीय उन परिवारों के घर रंग डालने तक नहीं पहुंचे, जिन्होंने अपने परिजन खो दिए।

मंत्री ने अपने सोशल मीडिया पर साझा किया

कांग्रेस नेता ने कहा कि जब जनता रो रही थी, तब मंत्री कहां थे? क्या वे इन परिवारों का दुख भूल चुके हैं? कांग्रेस का आरोप है कि एक तरफ इंदौर में मातम पसरा हुआ था, वहीं दूसरी तरफ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय धार जिले के भगोरिया उत्सव में ढोलक बजाते और नाचते हुए नजर आए। इस कार्यक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसे खुद मंत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया। इस वीडियो को लेकर अब सियासत और तेज हो गई है। कांग्रेस नेता ने कहा कि इतने बड़े हादसे के बाद किसी जनप्रतिनिधि से उम्मीद की जाती है कि वह पीड़ितों के साथ खड़ा दिखाई दे, लेकिन यहां तस्वीर बिल्कुल उलटी नजर आई।

“बाजार बट्टू” कार्यक्रम निरस्त कर दिया

कांग्रेस ने सीधे शब्दों में कहा कि “शर्म है मगर आती नहीं।” कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि जब इस पूरे मामले को लेकर केंद्र स्तर पर नाराजगी जाहिर की गई और फटकार पड़ी, तब कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर में होने वाला “बाजार बट्टू” कार्यक्रम निरस्त कर दिया। इसके बाद उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को साधने के लिए उनके साथ सिनेमा हॉल में जाकर जमीन पर बैठकर आरएसएस पर आधारित फिल्म भी देखी।

कांग्रेस इस दुखद घटना को लेकर सस्ती राजनीति कर रही

कांग्रेस का कहना है कि यह पूरा घटनाक्रम इस बात को दर्शाता है कि जनता की पीड़ा से ज्यादा राजनीतिक समीकरणों को प्राथमिकता दी जा रही है। हालांकि इस पूरे मामले में भाजपा ने भी कांग्रेस पर जोरदार पलटवार किया है। भाजपा नेता का कहना है कि कांग्रेस इस दुखद घटना को लेकर सस्ती राजनीति कर रही है। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस बिना तथ्यों के आरोप लगाकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रही है। फिलहाल इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों का मामला अभी भी चर्चा में है और अब इस पर राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m