Ashok Gehlot Bikaner Visit: राजस्थान में पंचायत राज चुनावों के मद्देनजर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर बीकानेर पहुंचे। नाल गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा सरकार पर कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याओं और चुनाव प्रक्रिया को लेकर निशाना साधा।

पूर्व विधायक भड़ाना की हत्या का जिक्र करते हुए गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले में ऐसी घटना होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसा माहौल होना चाहिए, जहां आम आदमी खुद को सुरक्षित महसूस करे और अपराधियों में कानून का डर रहे।
भड़ाना हत्याकांड पर सरकार से मांगा जवाब
अशोक गहलोत ने प्रदेश में आपराधिक घटनाओं को लेकर चिंता जताई। उन्होंने पूर्व विधायक भड़ाना की हत्या, थाने में आरएसएस प्रचारक की कथित पिटाई और दुष्कर्म व हत्या की घटनाओं का उल्लेख करते हुए राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के पास गृह विभाग की जिम्मेदारी भी है। इसके बावजूद कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को बैठकों और दौरों तक सीमित रहने के बजाय अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं से एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील
पंचायत राज चुनावों से पहले गहलोत ने कांग्रेस की एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में पार्टी के सभी नेताओं को मिलकर संघर्ष करना होगा। बीकानेर दौरे के दौरान उन्होंने नाल गांव में जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद वे पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी के पैतृक गांव हदां पहुंचे।
सूखा प्रभावित किसानों को राहत देने की मांग
गहलोत ने राज्य सरकार से सूखा प्रभावित क्षेत्रों में किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों की स्थिति का आकलन कर उनकी जरूरतों के अनुसार सहायता उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। सूखे की स्थिति से प्रभावित किसानों के लिए प्रभावी राहत इंतजाम किए जाने चाहिए। बुधवार को गहलोत श्रीडूंगरगढ़ में सूखा प्रभावित किसानों से मुलाकात करेंगे।
मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया पर भी उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने वोट चोरी के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने इस विषय को उठाकर चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता का सवाल सामने रखा है। गहलोत ने हरियाणा, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल के चुनावों का उल्लेख करते हुए मतदाता सूचियों और निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से लोगों के नाम नहीं कटने चाहिए। फॉर्म-6 के इस्तेमाल को लेकर भी सावधानी बरतने की जरूरत है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और महाभियोग की मांगों का जिक्र करते हुए गहलोत ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर दिया। उनके मुताबिक, निर्वाचन व्यवस्था पर जनता का भरोसा बनाए रखना जरूरी है।
समय पर चुनाव कराना जरूरी: गहलोत
गहलोत ने युवा पीढ़ी को लेकर की जाने वाली टिप्पणियों पर भी चिंता जताई। नेपाल और श्रीलंका का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं के संबंध में ऐसी बयानबाजी से बचना चाहिए, जिससे उनमें नाराजगी बढ़े।
उन्होंने निकाय और छात्रसंघ चुनावों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में भी चुनाव कराने की पहल की गई थी। गहलोत ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए समय पर चुनाव होना जरूरी है। चुनाव नहीं होने के कारण आंदोलन शुरू होते हैं, तो राज्य सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना होगा।
निशुल्क दवा योजना को लेकर सरकार से अपील
अशोक गहलोत ने राज्य सरकार से निशुल्क दवा योजना को सुचारू रूप से चलाने का आग्रह किया। उन्होंने आयुष्मान योजना और अपने कार्यकाल में शुरू की गई निशुल्क दवा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर संचालित किया जाना चाहिए। उन्होंने जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। गहलोत के मुताबिक, ऐसी योजनाओं का उद्देश्य आम आदमी को राहत देना होना चाहिए।
हदां पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की
बीकानेर दौरे के दौरान नाल में जनसभा के बाद गहलोत हदां पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी के पिता और पूर्व प्रधान रूघनाथ सिंह भाटी के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।
दौरे के दौरान पूर्व मंत्री डॉ. बीडी कल्ला, पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल, महापौर सुशीला कंवर, नोखा विधायक सुशीला डूडी सहित कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पढ़ें ये खबरें
- पुलिस ने हथियार के साथ पांच अपराधियों को दबोचा, पटना में लूट की साजिश करते गिरफ्तार
- Ranchi News: कुएं से पानी भरने पर दलित महिला से मारपीट का आरोप, SC/ST एक्ट के तहत 5 लोगों पर FIR, आरोपी पक्ष ने भी दर्ज कराई शिकायत
- Ladakh पर चीन को भारत का जवाब, MEA बोला- लद्दाख भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा
- राजस्थान बॉर्डर पर ड्रोन से हथियार और IED गिराने की साजिश, 2 संदिग्ध हिरासत में
- अजीत डोभाल पर राहुल गांधी की टिप्पणी, धामी ने किया सवाल, कहा- कांग्रेस स्पष्ट करे, वह प्रदेश के गौरव के साथ या बयानों के समर्थन में

